श्रीगंगानगर में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, 3 युवकों की मौके पर मौत, 2 गंभीर घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सूरतगढ़-अनूपगढ़ स्टेट हाईवे 94 पर एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में कार सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा हाईवे पर एक मोड़ के पास हुआ। शुरुआती अंदाजा है कि अनूपगढ़ की ओर जा रहे ट्रक की रफ्तार मोड़ पर धीमी थी, लेकिन पीछे से आ रही कार अपनी रफ्तार कम नहीं कर पाई और सीधे ट्रक में घुस गई।

मृतकों की पहचान सुरेंद्र, नरेश कुमार और कालूराम के रूप में हुई है, जो सभी अनूपगढ़ के गांव 2 पीजीएम के निवासी थे। हादसे में घायल हुए सुखदेव सिंह और जगदीश को गंभीर हालत में श्रीगंगानगर अस्पताल रेफर किया गया है। बताया गया है कि मृतक और घायल सभी युवक 18 से 25 वर्ष के बीच की उम्र के थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लिया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। तीन मृतकों में से दो के शव सूरतगढ़ और एक का शव जैतसर मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मौके पर मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Also Read: दाऊद के करीबी सलीम डोला के ड्रग सिंडिकेट पर ED का शिकंजा, मुंबई में 8 ठिकानों पर छापेमारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.