आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो को कुचला, 3 की मौत, 2 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के सतौली कट के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक ऑटो में भीषण टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे के बाद मौके पर चारों ओर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि ऑटो फिरोजाबाद की ओर से आगरा आ रहा था, तभी सतौली कट के पास यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह हाईवे पर ही पलट गया। पुलिस अब इस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उस वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जिसने ऑटो को टक्कर मारी।

Also Read: उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी शुरू, चुनाव आयोग ने की रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.