कुशीनगर में हॉस्टल में रह रहे छात्र की गला दबाकर हत्या, पूर्व-वर्तमान प्रधानाचार्य सहित चार पर केस

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर के हाटा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्थित संस्कृत विद्या प्रबोधिनी पाठशाला के हॉस्टल में रहने वाले एक छात्र की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधानाचार्य प्रभुनाथ पाण्डेय, वर्तमान प्रधानाचार्य अवधेश द्विवेदी और दो अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

देवरिया निवासी छात्र कृष्णा दुबे की मौत गुरुवार रात हॉस्टल में ही हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम को आई। रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि कृष्णा की मौत गला दबाने से हुई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभुनाथ पाण्डेय, अवधेश दुबे और एक अन्य व्यक्ति शिवनाथ पाण्डेय को हिरासत में ले लिया।

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक छात्र के पिता धनंजय दुबे ने पुलिस को दी गई तहरीर में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि बेटे की मौत की खबर उन्हें आधी रात में मिली और जब वे मौके पर पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी की गई। पिता का कहना है कि दो दिन पहले भी जब उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी, तो वह डरा हुआ लग रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानाचार्य प्रभुनाथ पाण्डेय, उनके बेटे शिव पाण्डेय, शिव की पत्नी रिमझिम देवी और वर्तमान प्रधानाचार्य अवधेश द्विवेदी ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की है।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्र खुद घटनास्थल पर पहुँचे और लगभग चार घंटे तक जांच की। उन्होंने छात्रों और अन्य लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

रिपोर्ट: राजेंद्र

 

Also Read: अब श्रावस्ती में भी मिलेगी हवा की गुणवत्ता की सटीक जानकारी, लगाई गई वायु मापक मशीन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.