Bahraich News: लखनऊ-नेपालगंज हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार 4 लोगों को रौंदा, चारों की मौत
Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बुधवार को लखनऊ-नेपालगंज हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। थाना फखरपुर इलाके में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक पर सवार चार लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। हादसे के बाद वह ट्रक सड़क किनारे एक खाई में जा गिरा।
इस भीषण दुर्घटना में दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामगांव थाना क्षेत्र के ललही इमामजंग गांव के निवासियों के रूप में हुई है। दुर्घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय पुलिस और राहत टीम तुरंत मौके पर पहुँची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुँचकर राहत-बचाव कार्य को तेज़ करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, सीएम ने दुर्घटना में यदि कोई घायल हुआ है, तो उसे बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के भी निर्देश जारी किए हैं।
Also Read: CM योगी ने मुख्तार अंसारी की कब्जा मुक्त जमीन पर बने फ्लैट्स की 72 परिवारों को सौंपी चाबी

