सिद्धार्थनगर में डीएम-एसपी की अनोखी पहल, बिना हेलमेट दिखे तो ‘चालान’ नहीं, मिला ‘मुफ्त हेलमेट’

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जनपद की सड़कों पर सफर को सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाने के बजाय प्यार और समझाइश का रास्ता चुना है। शुक्रवार को चाँद मेकरानी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम और मधुबेनिया (नौगढ़) में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने संयुक्त रूप से दोपहिया वाहन चालकों को ‘निशुल्क हेलमेट’ बांटे।

“हेलमेट पहनें और सुरक्षित रहें”

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खुद अपने हाथों से चालकों को हेलमेट पहनाए और उनसे अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए कभी भी बिना हेलमेट के घर से न निकलें। डीएम शिवशरणप्पा जी.एन. ने कहा कि सड़क हादसों में होने वाली ज्यादातर मौतों की वजह सिर में चोट लगना होता है, जिसे एक हेलमेट पहनकर आसानी से रोका जा सकता है।

अधिकारियों का जमावड़ा

इस अभियान के दौरान प्रशासन की पूरी टीम मुस्तैद दिखी। मौके पर क्षेत्राधिकारी नौगढ़ (प्रशिक्षु आईपीएस) विश्वजीत सौर्यवान, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) प्रियम्बदा सिंह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया और उन्हें यातायात की शपथ भी दिलाई।

जनता में सकारात्मक संदेश

प्रशासन की इस पहल की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की। लोगों का कहना है कि जब जिले के सबसे बड़े अधिकारी खुद सड़क पर उतरकर सुरक्षा की बात करते हैं, तो इसका असर गहरा होता है। सिद्धार्थनगर पुलिस और प्रशासन का यह संदेश साफ है कि सड़क पर नियम केवल जुर्माना बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान बचाने के लिए मानें।

Also Read: हिमाचल के सिरमौर में गहरी खाई में गिरी प्राइवेट बस, 8 यात्रियों की मौत, कई घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.