‘ओमैक्स सिंदूर शक्ति’ में दिखा नारी सशक्तिकरण और कला का अद्भुत संगम, अपर्णा यादव रहीं मुख्य अतिथि
Sandesh Wahak Digital Desk: प्री-करवाचौथ के उल्लास के बीच, शनिवार को होटल ग्रैंड जेबीआर में आयोजित ‘ओमैक्स सिंदूर शक्ति’ कार्यक्रम नारी सशक्तिकरण, कला और प्रतिभा का सुंदर संगम बन गया। महिलाओं ने मांग में सिंदूर, रंग-बिरंगी चूड़ियाँ और हाथों पर मेहंदी सजाकर जब रैंप पर वॉक किया, तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। विशिष्ट अतिथियों में प्रख्यात एंकर डॉ. अनीता सहगल और एएमए हर्बल लैबोरेट्रीज की निदेशक शबाना शाह शामिल थीं।

प्रतिभा और एकजुटता का उत्सव
कार्यक्रम में डांस, सिंगिंग और रैंप वॉक जैसी गतिविधियों ने समां बाँध दिया। निर्णायक मंडल में सोनी गुप्ता, अनीता अग्रवाल, लक्ष्मी सरोजा और प्रीति कुमार जैसी हस्तियाँ शामिल रहीं। विजेताओं को ‘करवा क्वीन’, ‘बेस्ट डांस’ और ‘बेस्ट सिंगर’ जैसी श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लकी ड्रॉ, ऑनलाइन प्रतियोगिताएं और मनोरंजक खेल भी शामिल किए गए, जिसके बाद स्वादिष्ट डिनर के साथ शाम का समापन हुआ।

महिलाओं को नेतृत्व और प्रेरणा का प्रतीक बनाने का आह्वान
कार्यक्रम अध्यक्षा वंदना सिंह ने कहा कि ‘ओमैक्स सिंदूर शक्ति’ महिलाओं की प्रतिभा और एकजुटता का उत्सव है, जो उन्हें अपनी क्रिएटिविटी को अभिव्यक्त करने का मंच देता है। कार्यक्रम सचिव प्रतिभा सिंह ने जोर देते हुए कहा, “हम चाहते हैं कि महिलाएं केवल भागीदार नहीं, बल्कि समाज में नेतृत्व और प्रेरणा की प्रतीक बनें।”
आयोजक सेवन हॉर्स कम्युनिकेशंस की वर्तिका अस्थाना ने सभी अतिथियों और प्रायोजकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से ‘ओमैक्स सिंदूर शक्ति’ एक यादगार आयोजन बना और वे भविष्य में भी नारी शक्ति को परिभाषित करने वाले ऐसे आयोजन करती रहेंगी।
Also Read: सिद्धार्थनगर में भीषण सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

