आगरा में आम आदमी पार्टी की पदयात्रा: स्कूल बचाओ अभियान में संजय सिंह ने भरी हुंकार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद करने के फैसले के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को आगरा की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के राज्यसभा सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह की अगुवाई में प्राथमिक विद्यालय मढ़ैया खटीक से लेकर कंपोजिट विद्यालय निधौता तक लगभग 2 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली गई। इस मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और स्कूली बच्चे शामिल हुए।
संजय सिंह ने प्रदेश की योगी सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि,
“उत्तर प्रदेश की सरकार गरीबों, दलितों और वंचितों के बच्चों को शिक्षा से दूर करने की साजिश कर रही है। यह सिर्फ स्कूल बंद करने का मामला नहीं, बल्कि भविष्य छीनने की तैयारी है।”
योगी सरकार बच्चों को स्कूल से सड़क तक भेज रही है
पदयात्रा के दौरान संजय सिंह ने अभिभावकों से बात की, बच्चों से मुलाकात की और सरकार के फैसले की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि जिन बच्चों के स्कूल बंद हो रहे हैं, उन्हें रोज़ 2 किलोमीटर तक पैदल भेजा जा रहा है।
“क्या सरकार को यह भी नहीं दिखता कि यह रास्ता लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसे खतरनाक मार्ग से होकर गुजरता है? अगर किसी बच्चे को कुछ हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा – मुख्यमंत्री, मंत्री या उनके अफसर?” – उन्होंने सवाल उठाया।
पाठशाला बंद, मधुशाला चालू – यही है BJP मॉडल ![]()
संजय सिंह ने एक गंभीर आंकड़ा भी साझा किया – “2024 में सरकार ने प्रदेश में 27,308 शराब के ठेके खोल दिए लेकिन 26,000 स्कूल बंद कर दिए। अब 2025 में और 27,000 स्कूल बंद करने की तैयारी है। देशभर में पिछले 10 साल में करीब 89,000 सरकारी स्कूल बंद हुए, जिनमें से 25,000 अकेले यूपी में हैं।” उन्होंने आगे कहा,”उत्तर प्रदेश को मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए। शिक्षा पर नहीं, सत्ता और शराब पर ध्यान है सरकार का।”
गांव-गांव जाना है, बच्चों का स्कूल बचाना है
संजय सिंह ने एलान किया कि आम आदमी पार्टी अब पूरे प्रदेश में ‘स्कूल बचाओ अभियान’ चलाएगी और गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी। उन्होंने नारा भी दिया -“गांव-गांव जाना है, बच्चों का स्कूल बचाना है।”
शेरनी का दूध छीन रही योगी सरकार
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश सहप्रभारी चौधरी सुरेंद्र कुमार ने कहा, “योगी सरकार सिर्फ स्कूल नहीं बंद कर रही, बल्कि बाबा साहब अंबेडकर के उस सपने को भी कुचल रही है, जिसमें उन्होंने कहा था कि शिक्षा शेरनी का दूध है।” पार्टी के ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी ने साफ किया कि आम आदमी पार्टी स्कूलों को बंद करने के किसी भी फैसले का डटकर विरोध करेगी।
Also Read : करंट लगने से झुलसे बच्चे के काटने पड़े हाथ; SDO-JE समेत चार…


