Lucknow News: आओ चलें 4.0 वॉकथॉन बना जागरूकता का उत्सव, लोगों ने लिया मधुमेह से लड़ने का संकल्प
Lucknow News: सेहत और सामूहिक जागरूकता का भव्य उत्सव आज लखनऊ में देखने को मिला, जहाँ अपोलोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित ‘आओ चलें 4.0 वॉकथॉन’ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस साल के आयोजन की थीम “मधुमेह से लड़ें” रखी गई थी, जिसमें शहर के विभिन्न इलाकों से 6,000 से अधिक प्रतिभागियों ने एलडीए कॉलोनी से सेहत के लिए कदम बढ़ाए। यह सफल आयोजन अब लखनऊ की सबसे बड़ी हेल्थ वॉक के रूप में स्थापित हो चुका है।
ज़ुम्बा और वॉर्म-अप के साथ हुई शुरुआत
रविवार सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ (फ्लैग ऑफ) यूपीनेडा के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह, अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल के सीईओ और एमडी डॉ. मयंक सोमानी तथा सीनियर डायरेक्टर डॉ. अभिषेक यादव (लिवर ट्रांसप्लांट एवं एचपीबी सर्जरी) द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ऊर्जावान ज़ुम्बा और वॉर्म-अप सत्र से हुई, जिसमें हर उम्र के प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। हेल्थ वॉक और स्पोर्ट्स बाइक राइड के जरिए प्रतिभागियों ने मधुमेह नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

हर कदम मायने रखता है: डॉक्टर्स
कार्यक्रम में डॉक्टरों ने स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर ज़ोर दिया। डॉ. अभिषेक यादव ने लिवर स्वास्थ्य पर बात करते हुए कहा, स्वस्थ लिवर हमारे शरीर की ऊर्जा और मेटाबॉलिज़्म का केंद्र है। डायबिटीज़ जैसी लाइफ़स्टाइल बीमारियाँ लिवर पर सीधा असर डालती हैं। ‘आओ चलें’ जैसी हेल्थ वॉक लोगों को चलने और सक्रिय रहने की प्रेरणा देती है, जो लिवर और संपूर्ण स्वास्थ्य दोनों के लिए सबसे सरल लेकिन प्रभावी कदम है।
डॉ. मयंक सोमानी ने इसे एक सामूहिक आंदोलन बताया। आओ चलें वॉकथॉन सिर्फ एक इवेंट नहीं, बल्कि सेहत के प्रति सामूहिक जागरूकता का आंदोलन है। इस बार का फोकस डायबिटीज़ जैसी बढ़ती लाइफ़स्टाइल बीमारी से बचाव पर रहा। हमारा संदेश साफ है, हर कदम मायने रखता है। रोज़ाना कुछ कदम चलकर हम अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं।

