Lucknow News: आप का योगी सरकार पर बड़ा आरोप, भर्ती परीक्षाओं में हो रहा भ्रष्टाचार
Lucknow News: आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और धांधली का आरोप लगाया है। गुरुवार को लखनऊ में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप के यूपी सह प्रभारी दिलीप पाण्डेय ने कहा कि जिस तरह से एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं, उससे यह साफ है कि भाजपा सरकार पिछड़ों, दलितों और गरीब नौजवानों के खिलाफ है।
दिलीप पाण्डेय ने कहा कि 2022 से अब तक यूपी में भर्ती प्रक्रिया में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने हाल ही में सामने आए ‘क्लोन आईडी स्कैम’ का जिक्र किया, जिसमें एक ही व्यक्ति ने 6 जिलों में अलग-अलग नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर नौकरियां हासिल कर लीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ एक छोटा सा मामला है, जबकि भ्रष्टाचार की जड़ें बहुत गहरी हैं।
आप नेता ने विधानसभा और विधान परिषद की भर्तियों में हुए घोटाले को भी याद दिलाया, जहां हाईकोर्ट ने इसे ‘रिक्रूटमेंट स्कैम’ कहकर सरकार को फटकार लगाई थी। उन्होंने दावा किया कि इन भर्तियों में 20% नौकरियां सीधे-सीधे नेताओं और अधिकारियों के रिश्तेदारों को मिली थीं।

आरक्षण नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं
दिलीप पाण्डेय ने कहा कि सरकारी नौकरियों में आरक्षण नियमों को भी ताक पर रखा गया है। उन्होंने लखीमपुर कोऑपरेटिव सोसाइटी की भर्ती का उदाहरण दिया, जहां 27 में से 15 पद ठाकुर और 4 ब्राह्मणों को दिए गए, जबकि ओबीसी और एससी-एसटी के आरक्षण को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की भर्तियों का भी जिक्र किया, जहां 11 में से 15 चयनित उम्मीदवार ठाकुर थे। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की जातिवादी मानसिकता का जीता-जागता सबूत है।
भाजपा नेताओं के रिश्तेदारों को मिली नौकरियां
दिलीप पाण्डेय ने आरोप लगाया कि भर्ती घोटालों में भाजपा के कई नेताओं और मंत्रियों के रिश्तेदारों को नौकरियां मिली हैं। मुकुट बिहारी वर्मा की नातिन अंशिका गर्ग। अजय मिश्र टेनी की बेटी रश्मि मिश्रा।
संस्कृति सिंह नाम की महिला, जिन्हें नियम तोड़कर नौकरी और आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं, अधिकारियों और परीक्षा कराने वाली संस्थाओं का एक मजबूत नेक्सस युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है।

