AAP नेता संजय सिंह का BJP पर हमला, बोले- जनता के नहीं, अडानी के प्रधानमंत्री हैं मोदी
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जम्मू-कश्मीर में आप विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी को ‘गैर-कानूनी’ बताया है। उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जनविरोधी मानसिकता’ का नतीजा है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ‘आप’ की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि मेहराज मलिक अस्पतालों और जनता के हक़ के लिए लड़ रहे थे, लेकिन भाजपा की पुलिस ने उन पर आतंकवादियों वाली धाराएं लगाकर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि जब वे खुद श्रीनगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुँचे तो उन्हें गेस्ट हाउस में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया।

‘भ्रष्टाचारियों को गले, ईमानदारों पर हमला’
संजय सिंह ने भाजपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “भाजपा हज़ारों करोड़ के घोटालेबाज़ों को गले लगाती है और ईमानदार आप कार्यकर्ताओं को आतंकवादी बताकर जेल में डालती है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अक्टूबर 2024 में आप प्रत्याशी मुदस्सिर हुसैन को चुनाव लड़ने के लिए चंदा इकट्ठा करने पर 8 घंटे तक परेशान किया गया, जबकि भाजपा भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देती है।
मोदी-अडानी रिश्तों पर गंभीर आरोप
संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अडानी के संबंधों पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के भागलपुर में ₹1 में अडानी को 1,050 एकड़ ज़मीन दी गई, जिसमें लाखों फलदार पेड़ लगे थे। उन्होंने कहा जनता चाहे ₹11-12 में बिजली खरीदे, मोदी जी को परवाह नहीं। मोदी जी भारत के प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि अडानी के प्रधानमंत्री हैं।

यूपी में ‘वोट चोरी का नया खेल‘
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा अब उत्तर प्रदेश में भी ‘वोट डकैती’ कर रही है। उन्होंने महोबा में फर्जी वोटों का मामला उठाते हुए कहा कि एक ही घर में 4,271 वोट दर्ज पाए गए हैं। उन्होंने कहा मोदी जी का केंचुआ और भाजपा मिलकर यूपी में भी वोट की डकैती करने आ गए हैं। जनता को सावधान हो जाना चाहिए।
संजय सिंह ने योगी सरकार की शिक्षा नीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने बताया कि टीईटी की अनिवार्यता के कारण दो शिक्षकों ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा, 30-30 साल से पढ़ा रहे शिक्षक और उनके बेटे को एक साथ टीईटी देना पड़ रहा है, यह कहां का न्याय है? उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर पेपर लीक कराने ही हैं तो सरकार टीईटी का पेपर ही लीक कर दे, कम से कम इस बार किसी का भला हो जाएगा।
Also Read: यूपी में पांच साल पुराने लाखों ई-चालान होंगे रद्द, वाहन मालिकों को मिली बड़ी राहत

