Lucknow News: मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़ के खिलाफ AAP का हल्लाबोल, पुलिस के साथ तीखी झड़प

Lucknow News: काशी के मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को हटाए जाने का मामला अब राजधानी लखनऊ की सड़कों तक पहुँच गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस कार्रवाई को सनातन संस्कृति पर हमला बताते हुए लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हुई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को प्रदर्शनकारियों को जबरन घसीटकर और टांगकर बस में बैठाना पड़ा, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी के जिला महासचिव ज्ञान सिंह कुशवाहा ने सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, यह सरकार विकास के नाम पर हमारे गौरवशाली इतिहास और प्राचीन मंदिरों को मिटा देना चाहती है। पुराने मंदिरों को तोड़ना सीधे तौर पर हमारी संस्कृति पर प्रहार है। यह सरकार अपना नया साम्राज्य गढ़ने के लिए हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है, यह पूरी तरह से हिंदू विरोधी सरकार है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और सांसद संजय सिंह के निर्देश पर जिला पदाधिकारियों ने इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। पार्टी का तर्क है कि मणिकर्णिका घाट केवल एक जगह नहीं, बल्कि सनातन परंपरा और काशी की पहचान का सबसे बड़ा प्रतीक है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह मामला केवल निर्माण या विकास का नहीं है, बल्कि सदियों पुरानी परंपराओं और आस्था के सम्मान का है। आप नेताओं ने मांग की है कि विकास के नाम पर धार्मिक स्थलों से की गई छेड़छाड़ को तुरंत रोका जाए। इस तोड़फोड़ के लिए जो भी अधिकारी या जिम्मेदार लोग हैं, उनकी जवाबदेही तय हो। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि लोगों की आहत हुई धार्मिक भावनाओं को न्याय मिल सके।

Also Read: ‘कमिश्नर नहीं, ये तो ‘कमीशनर’ है’, अखिलेश यादव बोले- भाजपाई भ्रष्टाचार से हो रहा संतों का अपमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.