Lucknow News: बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर आप का हल्लाबोल, केंद्र सरकार पर बरसे कार्यकर्ता

Lucknow News: बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ जारी हिंसा और हाल ही में सुनामगंज में हुई जॉय महापात्रो की हत्या के विरोध में आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी लखनऊ के कैसरबाग स्थित स्वास्थ्य भवन चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश का पुतला फूंका और केंद्र सरकार की चुप्पी पर तीखे सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने न केवल बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाने पर लिया।

शेख हसीना पर सवाल: कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, और दूसरी तरफ भारत सरकार वहां की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को शरण देकर मेहमान नवाजी कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उन्हें तत्काल वापस बांग्लादेश भेजा जाए।

चुप्पी पर अफसोस: लखनऊ जिला अध्यक्ष इरम ने कहा, यह बेहद दुखद है कि बांग्लादेश में हमारे हिंदू भाइयों का खून बह रहा है और प्रधानमंत्री चुप हैं। क्या हिंदुओं का खून इतना सस्ता हो गया है कि सत्ता में बैठे लोग आवाज तक नहीं उठा रहे?

अडानी और बिजली सप्लाई पर भी घेरा

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता प्रतिपाल सिंह ने आर्थिक मोर्चे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, झारखंड से अडानी ग्रुप द्वारा बांग्लादेश को दी जा रही बिजली सप्लाई पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। जो सरकार खुद को हिंदुओं की रक्षक बताती है, वह आज अपने ही लोगों पर हो रहे अत्याचार को मूकदर्शक बनकर देख रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भारत सरकार ने जल्द ही कड़ा रुख नहीं अपनाया, तो यह आंदोलन और भी उग्र होगा।

Also Read: Bahraich News: बदरौली के राजकीय हाई स्कूल में सजा ‘कैरियर मेला’, छात्रों ने सीखे सफलता के मंत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.