Lucknow News: स्कूल बचाओ अभियान तेज, आप कार्यकर्ताओं ने शंख बजाकर किया प्रदर्शन

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 27,000 सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने योगी सरकार के खिलाफ अपना प्रदेशव्यापी ‘ढपोरशंखों को जगाओ शंख बजाओ, स्कूल बचाओ अभियान’ तेज कर दिया है। रविवार, 27 जुलाई 2025 को पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया, जिसमें कई आप नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया।

इसी क्रम में, राजधानी लखनऊ के निशातगंज बजरिया प्राथमिक स्कूल पर आप कार्यकर्ताओं ने शंख बजाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोंकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर इको गार्डन पार्क ले गई।

AAP Save School Campaign UP

डबल इंजन नहीं, ढपोरशंखों की सरकार है

शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने विरोध प्रदर्शन के दौरान योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार 27,000 शराब की दुकानें खोल रही है, वहीं दूसरी तरफ 27,000 सरकारी स्कूलों को बंद करने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया, “यह डबल इंजन नहीं, ढपोरशंखों की सरकार है, जो बच्चों को अनपढ़ बनाकर रखना चाहती है।” महेंद्र सिंह ने जोर देकर कहा कि आम आदमी पार्टी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देगी और इसके लिए सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी।

बच्चों को अनपढ़ रखना चाहती है सरकार

आप के निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल ने सरकार के इरादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उन बच्चों को अनपढ़ रखना चाहती है जो आर्थिक रूप से कमजोर तबकों से आते हैं, ताकि वे आगे चलकर सवाल न पूछ सकें और आजीवन केवल वोट बैंक बने रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ मत कीजिए। स्कूल बंद करने का निर्णय तुरंत वापस लीजिए।

AAP Save School Campaign UP

स्कूल बचाओ अभियान बनेगा जन आंदोलन

इस अनोखे अभियान के तहत, आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक, अभिभावक और बच्चों ने उन सरकारी प्राथमिक विद्यालयों पर जाकर शंख और थाली बजाकर विरोध दर्ज किया, जिन्हें बंद करने का फैसला लिया गया है। दिनेश पटेल ने चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और उत्तर प्रदेश के बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए तब तक संघर्ष करेगी, जब तक सरकार यह “तुगलकी फरमान” वापस नहीं ले लेती।

पार्टी ने घोषणा की है कि 2 अगस्त को लखनऊ के इको गार्डन में एक ऐतिहासिक ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ आयोजित किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने जनता से 7500040004 नंबर पर मिस्ड कॉल करके इस आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की है। आज के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महासचिव ज्ञान सिंह ने किया, जिसमें दिनेश पटेल, महेंद्र सिंह, राकेश तिवारी, अनिल जैन, अनीत रावत, प्रीतपाल सिंह सलूजा सहित कई अन्य प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Also Read: Lucknow News: इंस्टाग्राम पर आपबीती सुनाकर सिपाही की पत्नी ने की आत्महत्या, वीडियो वायरल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.