अभिजीत दिपके की दादी का निधन, दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में हैं CJP प्रमुख
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के हिंगोली से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी का शनिवार को निधन हो गया। वे हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी स्थित अपने पैतृक गांव में रह रही थीं। बढ़ती उम्र और लंबी बीमारी के चलते पिछले कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा था, जिसके बाद आज उन्होंने अंतिम सांस ली। वे अभिजीत के पिता भगवानराव दिपके की माताजी थीं।
पारिवारिक दुख की इस घड़ी में अभिजीत दिपके दिल्ली में पुलिस की कस्टडी में हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित आंदोलन में शामिल होने के लिए वे शनिवार सुबह ही मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। हालांकि, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर उतरते ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
उधर, छत्रपति संभाजीनगर स्थित अभिजीत के माता-पिता (अनिता और भगवान दिपके) के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। दादी के देहांत की सूचना मिलते ही माता-पिता तुरंत हिंगोली के लिए रवाना हो गए हैं। अब देखना होगा कि अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दिल्ली पुलिस अभिजीत को हिंगोली या संभाजीनगर जाने की अनुमति कब तक देती है।
फ्लाइट के भीतर से पुलिस ने लिया हिरासत में
इससे पहले, सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुबह-सुबह सख्त कदम उठाया। पुलिस कर्मियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई फ्लाइट के अंदर दाखिल होकर CJP संस्थापक अभिजीत दिपके, सह-संयोजक सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को अपनी कस्टडी में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान अभिजीत दिपके ने पुलिस से कहा कि वे गिरफ्तारी देने ही दिल्ली आए हैं।
Also Read: दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से जनजीवन बेहाल, 2000 करोड़ के नुकसान का अनुमान

