महाराष्ट्र धोखाधड़ी मामले में फरार बदमाश प्रयागराज से गिरफ्तार, आधार कार्ड और मोबाइल बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) लखनऊ ने महाराष्ट्र के पालघर जिले के थाना नायगांव में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित अभियुक्त संगमलाल विश्वकर्मा को प्रयागराज से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी आज (23 अप्रैल) को लालापुर थाना क्षेत्र से की गई।

एसटीएफ प्रयागराज की टीम, पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में, महाराष्ट्र पुलिस से मिले सहयोग के अनुरोध पर कार्रवाई कर रही थी। धोखाधड़ी का यह मामला थाना नायगांव में मु0अ0सं0 188/2025 धारा 316(4)/ 318(4)/336(2)/336(3) / 338 / 238,3 (5) बीएनएस के तहत संगमलाल विश्वकर्मा और अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया था।

मोबाइल और आधार कार्ड बरामद

अभिसूचना संकलन के दौरान, एसटीएफ प्रयागराज और थाना नायगांव, मीराभाईदर वसई विरार आयुक्तालय, जिला पालघर, महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पचवर, थाना लालापुर स्थित अभियुक्त के घर के सामने से सुबह 09:50 बजे संगमलाल विश्वकर्मा को धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद हुआ है।

पूछताछ में संगमलाल विश्वकर्मा ने बताया कि वह मूल रूप से प्रयागराज का निवासी है और लगभग छह वर्षों से अपने परिवार के साथ पालघर, महाराष्ट्र में रह रहा था। वह वहां टीपीएच कंजुमर प्रॉडक्टस् प्रा०लि० में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था।

उसने बताया कि कंपनी में काम करने के दौरान वह ग्राहकों को बेचे गए सामान के बिल तैयार कर उनका भुगतान अपनी पत्नी के खाते में करवाता था और फिर उन बिलों और इनवॉइस को नष्ट करने के साथ-साथ सॉफ्टवेयर से भी डिलीट कर देता था। जब कंपनी के मालिक और अन्य कर्मचारियों को इस बारे में पता चला और उससे पूछताछ शुरू हुई, तो वह फरवरी 2025 में नौकरी छोड़कर अपने परिवार के साथ वापस अपने गांव पचवर, प्रयागराज आ गया और छिपकर रहने लगा।

ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया जारी

गिरफ्तार अभियुक्त संगमलाल विश्वकर्मा को थाना लालापुर, कमिश्नरेट प्रयागराज में दाखिल कर दिया गया है। महाराष्ट्र पुलिस अब उसे अपनी हिरासत में लेकर महाराष्ट्र ले जाने के लिए संबंधित न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया कर रही है। इस गिरफ्तारी से महाराष्ट्र पुलिस को धोखाधड़ी के इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

Also Read: JICE-2025: अमीर हाशमी बोले- CSR के नवाचार से वंचित समुदायों को मिले शिक्षण अवसर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.