गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट पहुंचे फरार विधायक अमानतुल्लाह खान, अग्रिम जमानत याचिका की दाखिल

Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह खान ने 10 फरवरी को जामिया नगर में पुलिस दल पर हमले का कथित तौर पर नेतृत्व करने के मामले में अग्रिम जमानत का अनुरोध करने के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली की एक अदालत का रुख किया।

खान ने विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह के समक्ष याचिका दायर कर जांच में शामिल होने से पहले गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं।

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जामिया नगर में पुलिस की एक टीम पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में ओखला से विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। न्यायाधीश द्वारा दिन के आखिर में मामले की सुनवाई किए जाने की संभावना है।

पुलिस ने कहा कि विधायक की अगुवाई में आई भीड़ ने हत्या के प्रयास के एक मामले के आरोपी को हिरासत से भागने में मदद की। पुलिस ने कहा कि कथित घटना उस समय घटी जब दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने शाबाज खान नामक उक्त आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की।

तीन दिनों से फरार चल रहे अमानतुल्लाह खान

दरअसल अमानतुल्लाह खान पर आरोप है कि वह पिछले तीन दिनों से फरार चल रहे हैं। सोमवार को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी और तब से वह बाहर नहीं आए हैं। पुलिस ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में उनकी तलाश भी की थी।

इसके बाद बुधवार शाम को अमानतुल्लाह खान ने एक खत जारी किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अपनी ही विधानसभा में हैं और पुलिस उन्हें फंसाने की कोशिश कर रही है।

अपने पत्र में अमानतुल्लाह ने कहा मुझे उस आदमी को बचाने के लिए कहा गया और बताया गया कि वह इलाके का ही निवासी है। उस आदमी से मेरा कोई करीबी रिश्ता नहीं है। जब मैंने स्थानीय लोगों से पूछा तो पता चला कि वो लोग (सादे कपड़े वाले) उसे धमका रहे थे।

Also Read: राज्यसभा में वक्फ पर JPC रिपोर्ट पेश, विपक्ष ने किया भारी हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.