कानपुर पनकी रेलवे यार्ड में हादसा, मालगाड़ी पटरी से उतरी, परिचालन 2 घंटे रहा बाधित

Kanpur News: पनकी रेलवे स्टेशन के पास यार्ड में माल उतारने के बाद मुख्य लाइन में जाते समय एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। इससे दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर दो घंटे तक परिचालन ठप रहा और 50 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं।

प्रभावित ट्रेनों को कानपुर देहात, इटावा, सेंट्रल स्टेशन और फतेहपुर स्टेशनों पर रोका गया। रात लगभग 12 बजे तीसरी और चौथी लाइन पर परिचालन बहाल किया गया और धीरे-धीरे ट्रेनों को आगे बढ़ाया गया।

14वें वैगन के दो पहिये मुख्य लाइन पर उतर गए

जानकारी के अनुसार, पनकी यार्ड में माल उतारने के बाद रात 10:06 बजे शंटिंग के दौरान 14वें वैगन के दो पहिये मुख्य लाइन पर उतर गए। हादसे के तुरंत बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को भेजा गया और रेलवे के उच्चाधिकारी व इंजीनियरों ने मालगाड़ी को पटरी पर लाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की कोशिश के बाद रात 12:15 बजे दोनों पहिये पटरी पर लाए जा सके।

इस घटना के कारण महाबोधि एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी इंटरसिटी, जय नगर गरीब रथ एक्सप्रेस, पटना स्पेशल फेयर, पूर्वा एक्सप्रेस, देहरादून एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनें प्रभावित हुईं।

कई ट्रेनें सेंट्रल स्टेशन से रवाना हो चुकी थीं

प्रयागराज मंडल के रेलवे जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि तीसरी व चौथी लाइन से यातायात बहाल कर दिया गया है। हादसा शंटिंग के दौरान हुआ, और जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। जांच पूरी होने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

रेलवे अधिकारियों ने यह भी बताया कि रात 10 बजे के बाद हुई घटना के कारण अधिकांश राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें देरी से बच गईं, क्योंकि ये ट्रेनें अधिकतर 9 से 10 बजे के बीच सेंट्रल स्टेशन से रवाना हो चुकी थीं।

Also Read: बलरामपुर की पचपेड़वा नगर पंचायत में बड़ा विवाद, 11 सभासदों ने सामूहिक इस्तीफा, जानिए मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.