अमेठी में हादसा: बरात से लौट रहे बुलेट सवार तीन युवकों की DCM की टक्कर से मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जिले के थौरा गांव के पास शुक्रवार देर रात बुलेट और डीसीएम (DCM) की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद महाराजपुर और बैजनाथ गांव में शोक का माहौल है।
हादसे का विवरण
महाराजपुर निवासी उत्कर्ष सिंह (32, सैनिक), बजरंग सिंह (25) और बैजनाथ निवासी अंशु सिंह (30)। तीनों युवक पड़ोस में शेरा लाल कोरी के घर से हारीपुर गई बरात में शामिल होकर देर रात बुलेट से लौट रहे थे। थौरा गांव की सीमा में उनकी बुलेट सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गई।
टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि उत्कर्ष सिंह और बजरंग सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अंशु सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इंस्पेक्टर रवि सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
तीनों युवकों की मौत की खबर सुबह गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जम्मू में तैनात उत्कर्ष शुक्रवार दोपहर ही छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे। घर पर उनकी पत्नी सोनम और दो बच्चे (माही, 10; रुद्र, 8) हैं। परिवार उत्कर्ष पर ही निर्भर था। उनका छोटा भाई संदीप भी सेना में है।
बैजनाथ गांव के इकलौते बेटे अंशु सिंह की शादी की तैयारी घर में चल रही थी। खेती की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। माता-पिता और दो बहनें गहरे सदमे में हैं। सरल स्वभाव के बजरंग की मौत से उनका परिवार भी गहरे दुख में डूब गया है।
Also Read: देश के श्रम कानूनों में ऐतिहासिक बदलाव, अब 40 करोड़ से ज्यादा कामगारों को मिलेगा बेहतर संरक्षण

