बलरामपुर में दर्दनाक हादसा, दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे 6 युवक सड़क दुर्घटना का शिकार, 4 दोस्तों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: दशहरे के पावन पर्व पर बलरामपुर जिले में एक भयानक सड़क हादसे ने एक परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर देर रात एक अज्ञात वाहन ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिससे उन पर सवार छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी युवकों में से चार दोस्तों की इलाज के दौरान दुखद मृत्यु हो गई है, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे थे सभी युवक

बताया जा रहा है कि यह सभी छह युवक थाना महाराजगंज तराई के मुराडीहा गांव के निवासी हैं, जो दुर्गा पूजा का पंडाल देखकर अपने घरों को लौट रहे थे। ये दुर्घटना नगर कोतवाली क्षेत्र का चूल्हा-भारी गांव, बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर हुई।

मृतक:

  • संजय (पुत्र राधेश्याम, 25 वर्ष)
  • सीताराम (पुत्र मिठूलाल, 22 वर्ष)
  • गोलू उर्फ संतोष मौर्य (पुत्र मिठूलाल, 23 वर्ष)
  • अंकित (पुत्र राधेश्याम, 21 वर्ष)

गंभीर रूप से घायल ओरिंदर कुमार मौर्य (24 वर्ष) और दिनेश मौर्य (23 वर्ष) का इलाज संयुक्त जिला अस्पताल में चल रहा है।

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 2 अक्टूबर 2025 की देर रात पीआरबी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरवी, स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। सभी 6 घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहाँ इलाज के दौरान चार युवकों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फील्ड यूनिट/सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। मृतकों के पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई जा रही है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। दोनों घायल युवकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: लखनऊ में आज 117 जगहों पर रावण दहन, डेढ़ घंटे होगी आतिशबाजी; प्रशासन अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.