जम्मू-कश्मीर के डोडा में हादसा, खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर, 3 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। डोडा-बराथ मार्ग पर पोंडा इलाके में एक टेंपो ट्रैवलर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे अब तक तीन लोगों की मौत होने की खबर है। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए डोडा के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) ले जाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना मंगलवार सुबह उस वक्त हुई जब टेंपो ट्रैवलर में कई यात्री सवार थे और वह सड़क से अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को खाई से बाहर निकाला।

सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए फौरन अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल 3 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन आशंका है कि यह आंकड़ा बढ़ सकता है क्योंकि कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल पर अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, डोडा शहर से लगभग 20 से 25 किलोमीटर दूर बराथ गांव के पास एक निजी टेंपो सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर अभी-अभी डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की। अब तक 3 लोगों के हताहत होने की सूचना है, 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, घायलों को हर संभव सहायता और चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। डीसी व्यक्तिगत रूप से पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं और मुझे नियमित अपडेट दे रहे हैं। आवश्यकतानुसार आगे भी सहायता प्रदान की जाएगी। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।

Also Read:Gorakhpur news: किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, नाबालिग लड़की सहित 3 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.