Sitapur Accident: सड़क पर चल रहे लोगों पर पलटा बेकाबू ट्रक, चार की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब चावल की पॉलिश से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मारूबेहड़ पुल के पास पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से मौके पर मौजूद चार युवक बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक सीतापुर से बहराइच की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मारूबेहड़ पुल के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और भारी वाहन पलट गया। उसी समय चार युवक सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, तभी वे ट्रक की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों किशोर पास के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शरीक होने आए थे और अपनी बाइक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।

सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने पुष्टि की कि हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही रेउसा थानगांव और बिसवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • मुन्ना (16 वर्ष), निवासी चहलारी, रेउसा
  • सुफियान (15 वर्ष), निवासी भगवानपुर, बहराइच
  • अलफाज (15 वर्ष), निवासी थाना हल्दी, बहराइच
  • अल्ताफ (14 वर्ष), निवासी बहराइच

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Also Read: फतेहपुर में सपा नेता ने ब्रजेश पाठक पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.