लखनऊ में बैंक ऑफ बड़ौदा पर खाताधारकों का फूटा गुस्सा, शाखा पर ताला लगाकर धरने पर बैठे ग्राहक
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के पारा स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार सुबह बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा जंग का मैदान बन गई। लेनदेन में गंभीर अनियमितताओं और खातों से पैसे गायब होने की आशंका से परेशान दर्जनों खाताधारक सुबह 11 बजे बैंक पहुंचे और गेट पर ताला लगा दिया। ग्राहकों की मांग है कि उन्हें उनकी पाई-पाई वापस दी जाए और दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो।
बेबसी और आक्रोश: ग्राहकों ने बयां किया दर्द
धरने पर बैठे खाताधारकों की आंखों में आक्रोश के साथ-साथ अपनी जमा पूंजी खोने का डर और बेबसी भी साफ नजर आ रही थी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बैंक के अंदर लेनदेन में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्हें अंदेशा है कि बैंक के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से उनकी रकम के साथ खिलवाड़ किया गया है। ग्राहकों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक उनकी मेहनत की कमाई वापस नहीं मिल जाती और जांच शुरू नहीं होती, वे वहां से नहीं हटेंगे।
पुलिस का पहरा, बैंक प्रबंधन मौन
हंगामे की सूचना मिलते ही पारा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उत्तेजित ग्राहकों को समझाने और शांत कराने की काफी कोशिश की, लेकिन खाताधारक बैंक प्रबंधन की चुप्पी से नाराज होकर अपनी मांगों पर अड़े रहे।
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दोपहर बीत जाने तक बैंक प्रबंधन की ओर से कोई भी अधिकारी सामने नहीं आया और न ही इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक सफाई दी गई। फिलहाल बैंक परिसर में भारी तनाव बना हुआ है और खाताधारक शाखा के बाहर डटे हुए हैं।
Also Read: ‘ये वो डील है जिसकी डाल पर बैठकर भाजपा खुद को काट रही है’, अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा तंज

