हरियाणा कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या के आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में हुए कई खुलासे
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा कांग्रेस की नेता हिमानी नरवाल की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जो बहादुरगढ़ के एक गांव का निवासी है। हत्यारा देर रात नागलोई थाने में सरेंडर करने के बाद रोहतक पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया।
सोमवार (3 मार्च) को रोहतक पुलिस इस मामले का खुलासा करने वाली है, लेकिन इससे पहले इस केस को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में कबूल किया कि हिमानी की हत्या उसके घर पर ही की गई थी। हत्या के बाद उसने शव को सूटकेस में डालकर ले जाने का दावा किया। पुलिस ने आरोपी के पास से हिमानी का मोबाइल फोन और ज्वेलरी भी बरामद की है।
आरोपी ने खुद को हिमानी का ब्वॉयफ्रेंड बताया और कहा कि वह लंबे समय से हिमानी के साथ रिलेशनशिप में था। आरोपी ने यह भी दावा किया कि हिमानी उसे ब्लैकमेल कर रही थी और बार-बार अधिक पैसे की डिमांड कर रही थी, जबकि उसने उसे पहले ही काफी पैसे दे दिए थे।
SIT का हुआ था गठन
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। रविवार (2 मार्च) को पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में चार टीमें गठित की गई थीं, जो अपराधियों की तलाश में जुटी थीं।
1 मार्च को हरियाणा के रोहतक जिले में सांपला बस अड्डे के पास एक सूटकेस में हिमानी नरवाल का शव बरामद हुआ था। 22 वर्षीय हिमानी रोहतक के विजय नगर की निवासी थीं। राहगीरों ने सूटकेस देखा और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे देश में इस मामले को लेकर सियासी हलचल मच गई। मामला अभी भी जांच के तहत है, और सोमवार को और भी जानकारी का खुलासा होने की संभावना है।
Also Read: आप के विधायकों का सस्पेंशन, दिल्ली विधानसभा में कैग रिपोर्ट पर सियासी तकरार जारी

