Lucknow News: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: राजधानी लखनऊ की सआदतगंज थाना पुलिस ने महिला व बाल अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शातिर आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर नाबालिग को अपने जाल में फंसाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

जून में बरामद हुई थी पीड़िता

इस पूरे सनसनीखेज मामले की शुरुआत 23 मई, 2026 को हुई थी, जब पीड़िता की मां ने सआदतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि कार्तिक चौधरी नाम का एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम के अथक प्रयासों के बाद 11 जून, 2026 को पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया था।

पीड़िता के बयानों के बाद बढ़ीं दुष्कर्म और पॉक्सो की धाराएं

पीड़िता की बरामदगी के बाद जब पुलिस ने नियमानुसार उसकी काउंसलिंग कराई और अदालत के समक्ष बयान दर्ज कराए, तो मामले मंप चौंकाने वाला मोड़ आया। नाबालिग के बयानों और विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में दुष्कर्म (धारा 64-1 बीएनएस) और बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम (3/4 पॉक्सो एक्ट) की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

शनिवार, 4 जुलाई, 2026 को सआदतगंज पुलिस को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली कि वांछित आरोपी क्षेत्र में ही कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। उपनिरीक्षक रजत कटियार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को फव्वारा तिराहे के पास से दबोच लिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी का असली चेहरा भी सामने आ गया। उसने अपना असली नाम सतीश गौतम उर्फ कार्तिक चौधरी (उम्र 20 वर्ष, मूल निवासी सीतापुर, हाल पता जानकीपुरम, लखनऊ) बताया। थाना सआदतगंज पुलिस ने आरोपी सतीश गौतम को गिरफ्तार कर लिया है।

Also Read: मोदी कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट, इस बार नौकरशाहों को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.