उन्नाव हत्याकांड का 50 हजार का इनामी आरोपी पुणे से गिरफ्तार, पत्नी के कहने पर दोस्त संग मिलकर की थी हत्या
Unnao News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी रफीक कुरैशी उर्फ लल्ली को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है।
आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। एसटीएफ की अयोध्या फील्ड यूनिट ने 27 अगस्त को यह कार्रवाई की।
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी की तलाश में टीम को सूचना मिली थी कि रफीक पुणे के खराड़ी थाना क्षेत्र में हे रेडिसन होटल के पास मौजूद है।
सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुणे की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया और आरोपी को उन्नाव लाया गया।
पुलिस के अनुसार, रफीक उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र के तुर्किया, बदरका गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ अचलगंज थाने में मु0अ0सं0 342/2025 के तहत बीएनएस की धारा 3(5), 103(1) और 238 में केस दर्ज है।
पत्नी से अवैध संबंध के शक में की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक इमरान उर्फ काले की पत्नी शीबा से उसके कथित अवैध संबंध थे।
इसी वजह से शीबा और इमरान के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी के मुताबिक, शीबा के कहने पर उसने अपने दोस्त फरमान उर्फ चुन्ना के साथ मिलकर इमरान की हत्या की साजिश रची।
रफीक ने बताया कि 6 जुलाई 2025 को उसने और फरमान ने इमरान को शराब पिलाई। इसके बाद उसे सुनसान जगह ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस जांच में नाम सामने आने के बाद रफीक पुणे भाग गया और वहां पिकअप लोडर चलाने का काम करने लगा।
पहले से भी दर्ज है मुकदमा
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ अचलगंज थाने में हत्या का मामला दर्ज है।
इसके अलावा वर्ष 2026 में भी बीएनएस की धारा 209 के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर पुणे से उन्नाव लाकर संबंधित मामले में दाखिल किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।

