Lucknow News: मुठभेड़ में गैंगरेप और हत्या का आरोपी गोली लगने से घायल
Lucknow News: लखनऊ पुलिस ने शनिवार देर रात एक मुठभेड़ में गैंगरेप और हत्या के आरोपी एक बदमाश को गोली मारकर घायल कर दिया। आरोपी का नाम अनुज रावत है, जबकि उसका साथी देशराज रावत मौके से फरार हो गया। दोनों पर एक महिला के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर शव फेंकने का आरोप है।
यह मुठभेड़ सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के किसान पथ पर हुई। पुलिस को देखते ही बाइक सवार दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अनुज के पैर में गोली लगी, जिससे वह गिर पड़ा। उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से उनकी बाइक और एक तमंचा भी बरामद किया है।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि 31 अगस्त को सुशांत गोल्फ सिटी में एक महिला के साथ गैंगरेप और हत्या की घटना हुई थी। पुलिस ने महिला का शव रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों से बरामद किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई थी।
पूछताछ में घायल आरोपी अनुज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह महिला को जानता था और उसे बहला-फुसलाकर बाइक पर ले गया था। बाद में उसका साथी देशराज भी वहाँ पहुँच गया। दोनों ने शराब पी और फिर महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इस मामले के खुलासे के लिए चार टीमें बनाई गई थीं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान हुई। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी देशराज की तलाश में जुटी हुई है।
Also Read: 15 या 18 करोड़ नहीं… एशिया कप की प्राइज मनी से भी ज्यादा है हार्दिक पांड्या की घड़ी की कीमत

