Varanasi News: 7 करोड़ के सरकारी गबन का आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार
Varanasi News: गाजीपुर जिले में साल 2012-13 के दौरान पर्यटन स्थलों के विकास में 7 करोड़ रुपये के सरकारी गबन के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को वाराणसी की पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आजाद सिंह के रूप में हुई है, जो इस धोखाधड़ी में शामिल 26 आरोपियों में से एक था।
दरअसल, यह मामला गाजीपुर के भदौरा ब्लॉक में पांच पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण से जुड़ा है। इनमें परेमन शाह का तालाब, सेवराई चीरा का पोखरा, मां कामाख्या धाम, देवकली स्थल और किनाराम स्थल शामिल थे। इन कामों की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, वाराणसी इकाई को दी गई थी। आरोप है कि कार्यदायी संस्था के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों ने इन कामों को अधूरा छोड़ दिया और मानक के हिसाब से काम नहीं किया, जिससे सरकार को करीब 7 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब 12 सितंबर 2017 को पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अविनाश चंद्र मिश्र ने गाजीपुर के गहमर थाने में सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज कराया। जांच में पता चला कि इस घोटाले में कुल 26 लोग शामिल थे, जिनमें आजाद सिंह भी एक प्रमुख आरोपी था।
पिछले सोमवार, 1 सितंबर 2025 को वाराणसी सेक्टर की क्रैक टीम के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने आजाद सिंह को लखनऊ के आशियाना स्थित बंगलापुल चौराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी पर धारा 409, 477ए और 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे अब भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट, वाराणसी में पेश किया जाएगा। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, मुख्य आरक्षी छेदी सिंह और सरफराज अंसारी शामिल थे।
रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक
Also Read: PM Modi ने राजद-कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- मेरी मां का अपमान हर मां का अपमान है

