भाजपा सरकार पर धार्मिक स्थलों को नष्ट करने का आरोप, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने साधा निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ एक बार फिर विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार हिंदू धर्म के प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को नष्ट करने का काम कर रही है। उन्होंने इसे “हिंदुत्व के नाम पर सत्ता में आने के बाद धर्मस्थलों के साथ विश्वासघात” बताया।
अजय राय ने कहा कि मिस्र और वेनिस जैसे देशों ने अपने प्राचीन स्वरूप को आज तक सहेज कर रखा है, लेकिन भाजपा सरकार बनारस, अयोध्या और अब विंध्याचल और वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों की पहचान मिटाने में लगी है। उन्होंने कहा कि काशी के मूल स्वरूप को बिगाड़ते हुए सैकड़ों शिवलिंग और मंदिरों को तोड़ा गया, वटवृक्ष को काटा गया। वहीं अयोध्या में अधूरे राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई और अब दोबारा की जा रही है, जो परंपरा के खिलाफ है।
वृंदावन के मंदिरों पर संकट का आरोप
प्रेस वार्ता में वृंदावन के तीर्थ पुरोहित सोहनलाल मिश्रा भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि उनका परिवार बीते 500 वर्षों से बांके बिहारी मंदिर में सेवा करता आ रहा है। मिश्रा का आरोप था कि सरकार अब 285 पुजारियों के परिवारों और उनके घरों के साथ छोटे-छोटे मंदिरों को भी हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि, “जो अत्याचार औरंगजेब नहीं कर पाया, वह आज योगी सरकार कर रही है।”
मिश्रा ने सवाल उठाया कि यदि हम गोरक्ष पीठ की चार गुना कीमत देने को तैयार हैं, तो क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वह जगह हमें सौंप देंगे? उन्होंने प्रशासन पर लोगों को धमकाने का भी आरोप लगाया।
वृंदावन के लोगों की पीड़ा
वृंदावन से आए दीपक पराशर ने बताया कि बांके बिहारी मंदिर के पास करीब 1000 मीटर जगह पहले से ही खाली पड़ी है, लेकिन सरकार उस क्षेत्र में छेड़छाड़ की बजाय करीब 150 मंदिरों को तोड़ने की योजना बना रही है। उन्होंने इस कदम को तीर्थ स्थलों को पर्यटन और पिकनिक स्पॉट में बदलने की कोशिश बताया।
अजय राय ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “यह सरकार धर्म के नाम पर वोट लेती है और सत्ता में आकर उन्हीं स्थलों को मिटा देती है।” उन्होंने सरकार से मांग की कि वृंदावन और विंध्यवासिनी जैसे पवित्र स्थलों की पहचान से कोई छेड़छाड़ न की जाए और पुजारी समुदाय के हितों की रक्षा हो। प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय, वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत और डॉ. सुधा मिश्रा भी उपस्थित रहीं।
Also Read: इटावा कांड पर यूपी में गरमाई सियासत, अखिलेश यादव की चेतावनी पर मंत्री कपिल देव का…

