पूर्व कांग्रेस नेता का बड़ा बयान, बोले- राहुल गांधी ‘बदतमीजों के बादशाह’, अखिलेश ने किया पार्टी का ‘सत्यानाश’
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम अपने विवादास्पद बयानों के चलते एक बार फिर सुर्खियों में हैं। राहुल गांधी को “बदतमीज़ों के बादशाह” बताने के बाद, अब उन्होंने उन पर लूट-खसोट के केस दर्ज होने और बेल पर रहने का दावा किया है। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और स्वामी प्रसाद मौर्य पर भी ज़ोरदार हमला बोला।
राहुल गांधी पर तीखा हमला
कृष्णम ने दावा किया कि राहुल गांधी पर लूट-खसोट के केस दर्ज हैं और वह बेल पर चल रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि राहुल गांधी देश की मर्यादा और संस्कृति को समझने में विफल रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को “बदतमीजों के बादशाह” करार दिया।
अखिलेश यादव और सपा पर तंज
आचार्य कृष्णम ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी का नेतृत्व स्वीकार करके अपनी पार्टी का “सत्यानाश” कर दिया है। उन्होंने अखिलेश यादव की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा, “अखिलेश यादव की हालत ऐसी हो गई है कि ‘घर में नहीं हैं दाने, अम्मा चली भुनाने।'” उन्होंने अखिलेश को बिहार की बजाय उत्तर प्रदेश की चिंता करने की सलाह दी, क्योंकि जनता राहुल गांधी के नेतृत्व को पहले ही नकार चुकी है।
शहरों के नाम बदलने की राजनीति पर बोलते हुए, उन्होंने योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव की विचारधारा में अंतर बताया। उन्होंने कहा कि योगी जी चाहते हैं कि भारत की पहचान महाराणा प्रताप और महात्मा फुले के नाम से हो, जबकि अखिलेश यादव चाहते हैं कि यह देश औरंगजेब, तैमूर लंग और बाबर के नाम से जाना जाए।
मायावती और मुस्लिम वोट बैंक पर बयान
उन्होंने दावा किया कि बसपा और सपा ने मुसलमानों का नुकसान किया है, जबकि मोदी सरकार की किसी योजना में ऐसा नहीं लिखा कि मुसलमानों को लाभ नहीं मिलेगा। इसलिए उन्होंने मुसलमानों को भाजपा को वोट देने की सलाह दी।
स्वामी प्रसाद मौर्य के ‘जय श्रीराम’ और ‘बजरंगबली’ से जुड़े बयान पर कृष्णम ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “लोग मरने के बाद नरक में जाते हैं, पर स्वामी प्रसाद मौर्य जीते जी नरक का रास्ता प्रशस्त न करें।”
Also Read: ‘तेजस्वी यादव खुद जेल जाएंगे’, केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर बढ़ी सियासी हलचल

