UP: बिना मान्यता चल रहे 58 प्राइवेट स्कूलों पर एक्शन, 1-1 लाख जुर्माना, 73 मदरसों को भी नोटिस

Private School Action in UP: आगरा में बिना मान्यता संचालित प्राइवेट स्कूलों पर बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने ऐसे 58 निजी स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही खंड शिक्षाधिकारियों को इनका संचालन तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 (RTE Act) के तहत बिना मान्यता स्कूल चलाना नियमों के खिलाफ है। नोटिस के बाद भी स्कूल चलते मिले तो 10 हजार रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

73 मदरसों को अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं बंद करने का नोटिस

बिना विभागीय मान्यता और संबद्धता के अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं चलाने वाले 73 मदरसों को भी नोटिस जारी किया गया है। इनमें अछनेरा, बाह, बिचपुरी, एत्मादपुर, फतेहपुर सीकरी और आगरा नगर क्षेत्र के मदरसे शामिल हैं।

प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से तीन दिन के भीतर जरूरी साक्ष्यों के साथ स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के मुताबिक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर अंग्रेजी माध्यम से स्कूल चलाने के लिए अलग मान्यता जरूरी है।

इन इलाकों में मिले बिना मान्यता वाले School

58 चिन्हित स्कूल जैतपुर कलां, पिनाहट, शमसाबाद, आगरा नगर, फतेहपुर सीकरी, अछनेरा और बाह समेत कई क्षेत्रों में हैं। अधिकारियों को इन स्कूलों का संचालन बंद कराने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जुर्माने के बावजूद स्कूल चलते मिलने पर संचालकों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की चेतावनी भी दी गई है।

BSA ने साफ कहा कि जिले में बिना मान्यता स्कूलों का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

बेसिक शिक्षा विभाग के ऑनलाइन कार्यों में लापरवाही पर कंप्यूटर ऑपरेटरों और ब्लॉक MIS कर्मियों का मानदेय भी रोक दिया गया है। यू-डायस (U-DISE), अपार आईडी (APAAR ID), DBT और प्रेरणा समेत कई ऑनलाइन कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई।

BSA ने लंबित काम तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक कार्य पूरा होने तक संबंधित कर्मचारियों का मानदेय भुगतान नहीं किया जाएगा।

Also Read: ‘सड़क बनेगी तो धंसेगी, केशव मौर्य के बयान पर मचा बवाल, सपा बोली- भ्रष्टाचार को सामान्य बता रही सरकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.