Kushinagar News: गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर गिरी गाज, गोदाम से 63 भरे सिलेंडर गायब, FIR दर्ज
पडरौना, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों का पालन करते हुए कुशीनगर प्रशासन ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की जमाखोरी रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को हुई एक बड़ी जांच के दौरान खड्डा तहसील के गैनही जंगल स्थित एक गैस एजेंसी के गोदाम में भारी अनियमितता उजागर हुई है।
जांच में खुली पोल: स्टॉक से गायब मिले 63 सिलेंडर
जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) की टीम ने जब सच्चिदानंद बाबा एचपी गैस ग्रामीण वितरक (गैनही जंगल) के गोदाम की औचक जांच की, तो स्टॉक रजिस्टर और मौके पर मौजूद सिलेंडरों की संख्या में बड़ा अंतर मिला। जांच के दौरान पाया गया कि 63 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर स्टॉक से गायब हैं, जिन्हें कालाबाजारी के उद्देश्य से खुर्द-बुर्द किया गया था।
जिलाधिकारी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस गंभीर गड़बड़ी को देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर थाना खड्डा में संबंधित गैस वितरक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई गई है।
तेल कंपनी को भी लिखा पत्र
प्रशासन ने न केवल कानूनी कार्रवाई की है, बल्कि संबंधित तेल कंपनी को भी पत्र भेजकर मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइन के तहत इस गैस एजेंसी पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा है।
सभी गैस वितरकों को अल्टीमेटम
जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी एलपीजी गैस वितरकों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति पूरी पारदर्शिता और नियम के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि अगर भविष्य में किसी भी एजेंसी पर जमाखोरी या कालाबाजारी पाई गई, तो बिना किसी रियायत के जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

