वाराणसी में अतिक्रमणकारियों पर होगी गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई, पुलिस का विशेष अभियान जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी को अतिक्रमण मुक्त और जाम रहित बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने कमर कस ली है। एक खास अभियान के तहत, चेतावनी के बावजूद सड़कों और फुटपाथों पर कब्जा जमाने वाले दुकानदारों और लोगों पर अब गुंडा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है। पुलिस कमिश्नर सहित डीसीपी, एसीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट का मकसद शहर को जाम से मुक्ति दिलाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है, ताकि लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। इसी कड़ी में, यह फैसला लिया गया है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद जो दुकानदार या भवन मालिक अतिक्रमण करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर डीसीपी, एसीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों का दौरा कर रही हैं और अतिक्रमण हटाने का काम जोर-शोर से चल रहा है।

50 अतिक्रमणकारी दुकानदार हुए चिह्नित

इस अभियान का असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। लोगों को साफ संदेश मिल गया है कि अतिक्रमण करने पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। इसी क्रम में, यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले 50 दुकानदार और ठेले वालों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार कर ली गई है। इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.