बेटिंग ऐप्स प्रमोशन मामला, अभिनेता प्रकाश राज से ED ने की पूछताछ, कई सेलिब्रिटीज भी रडार पर
Sandesh Wahak Digital Desk: अभिनेता प्रकाश राज बुधवार को बेटिंग ऐप्स को प्रमोट करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के बशीरबाग स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश हुए। प्रकाश राज से पहले भी कई अन्य सेलिब्रिटीज को इस मामले में ED ने नोटिस जारी किए हैं।
मार्च में साइबराबाद पुलिस ने प्रकाश राज और कुछ अन्य अभिनेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद प्रकाश राज ने अपनी सफाई में कहा था कि 2017 में उन्होंने एक ऐप को प्रमोट करने का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि यह सही नहीं था, इसलिए उन्होंने इसे आगे नहीं बढ़ाया।
कई और सितारे ED के रडार पर
हाल ही में ED ने फिल्म अभिनेता राणा दग्गुबाती, विजय देवरकोंडा, लक्ष्मी मांचू और अनन्या नागल्ला समेत कई अन्य सेलिब्रिटीज को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। राणा दग्गुबाती को 23 जुलाई को हाजिर होने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने तारीख बदलने की मांग की। वहीं, विजय देवरकोंडा को 6 अगस्त और लक्ष्मी मांचू को 13 अगस्त को ED के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
29 सेलिब्रिटीज के खिलाफ मामला दर्ज
अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को कथित रूप से बढ़ावा देने के आरोप में कुल 29 सेलिब्रिटीज के खिलाफ ED ने मामला दर्ज किया है। इनमें टीवी एक्टर्स, टीवी होस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स जैसे श्रीमुखी, श्यामला, वर्षिनी सुंदरराजन, वसंती कृष्णन, शोभा शेट्टी, अमृता चौधरी, नयनी पावनी, पद्मावती, हर्ष साई समेत कई अन्य भी शामिल हैं।
यह जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है और यह उन पाँच एफआईआर पर आधारित है, जो तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की पुलिस ने दर्ज की हैं। ये एफआईआर पंजागुट्टा, मियापुर, साइबराबाद, सूर्यापेट और विशाखापत्तनम पुलिस स्टेशनों में दर्ज हैं।
ED को शक है कि जंगली रम्मी, A23, जीतविन, परिमैच, लोटस365 जैसे अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के प्रमोशन के ज़रिए बड़ी रकम की मनी लॉन्ड्रिंग की गई है। जब हैदराबाद और साइबराबाद पुलिस ने कुछ एक्टर्स से पूछताछ की, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया और नैतिक कारणों से अपने कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिए थे। हालांकि, ED इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Also Read: राजस्थान में भारी बारिश का कहर, मध्य प्रदेश से कटा संपर्क; कई जिलों में रेड अलर्ट

