तमिलनाडु भगदड़ हादसा: 39 मौतों पर अभिनेता विजय का दिल टूटा, मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता और राजनेता विजय की तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) रैली में हुई भगदड़ की दुखद घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। मृतकों में 9 बच्चे और 16 से अधिक महिलाएँ शामिल हैं, जबकि लगभग 70 लोग घायल हुए हैं। इस बड़ी त्रासदी के बाद अभिनेता विजय ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।
अभिनेता और TVK नेता विजय ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, कल करूर में जो हुआ, उसे सोचकर मेरा दिल और दिमाग बेहद व्यथित है। इस बेहद दुखद स्थिति में, मैं अपने रिश्तेदारों के खोने के दर्द को कैसे बयाँ करूँ, यह समझ नहीं आ रहा।
विजय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक ऐसा नुकसान है, जिसकी भरपाई हम नहीं कर सकते। चाहे कोई भी हमें सांत्वना दे, हम अपने रिश्तेदारों के नुकसान को सहन नहीं कर सकते।
मृतकों के लिए 20 लाख, घायलों के लिए 2 लाख रुपये
इस दुख की घड़ी में, विजय ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये और घायलों को, जिनका इलाज चल रहा है, 2-2 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। विजय ने स्वीकार किया कि इस नुकसान के सामने यह कोई बड़ी रकम नहीं है, लेकिन उन्होंने कहा कि आपके परिवार का एक सदस्य होने के नाते, मेरा यह कर्तव्य है कि मैं आपके साथ, हृदय से खड़ा रहूँ।
Also Read: यूपी में 7 अक्टूबर को राजकीय अवकाश, महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सीएम योगी का ऐलान

