एक्ट्रेस रुचि गुर्जर ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में पीएम मोदी की माला पहनकर किया सलाम

Sandesh Wahak Digital Desk: अभिनेत्री रुचि गुर्जर ने कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में रेड कार्पेट पर एक ऐसा स्टेटमेंट दिया, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि वाला एक विशेष हार पहनकर देश के गौरव और नेतृत्व को सलाम किया।

रुचि गुर्जर ने कहा, यह हार केवल एक आभूषण नहीं है, यह भारत की शक्ति, दूरदृष्टि और उभरते आत्मबल का प्रतीक है। मैंने इसे कान्स जैसे प्रतिष्ठित मंच पर पहनकर, प्रधानमंत्री मोदी को सलाम किया, जिनके नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। यह हार पारंपरिक राजस्थानी डिजाइन से प्रेरित था और पीएम मोदी की विशिष्ट शैली को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया था। इसने न केवल उनके लुक में सांस्कृतिक गहराई जोड़ी, बल्कि भारत की मजबूत पहचान को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया।

रुचि ने जयपुर की डिजाइनर रूपा शर्मा द्वारा तैयार किया गया एक शानदार गोल्डन लहंगा पहना, जिसमें महीन मिरर वर्क, गोटा पट्टी और हथकरघा कढ़ाई की खूबसूरती झलक रही थी। यह परिधान पारंपरिक राजस्थानी कला का एक मॉडर्न प्रस्तुतिकरण था। इसके साथ उन्होंने डिज़ाइनर राम द्वारा तैयार की गई बंधेज (बांधनी) दुपट्टा पहना, जो ब्रांड ज़रीबारी से था और इसमें ज़रदोज़ी और गोटा पट्टी का नायाब मेल देखने को मिला। उन्होंने कहा, यह दुपट्टा पहनना ऐसा था जैसे मैंने राजस्थान की आत्मा को ओढ़ लिया हो।

हालांकि सभी की नजरें रुचि के उस हार पर ही टिकी रहीं, जिसमें नरेंद्र मोदी की छवि उकेरी गई थी। यह हार स्टाइलिश तो था ही, लेकिन इससे कहीं ज़्यादा वह देशभक्ति का प्रतीक बनकर उभरा। रुचि ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की छवि को दुनिया में नया आयाम दिया है। मैं उस गर्व को अपने साथ लेकर चलना चाहती थी, और यह हार मेरे दिल से निकली हुई एक सच्ची श्रद्धांजलि है। राजस्थान और भारत को कान्स में रिप्रज़ेंट करना मेरे लिए एक अवसर नहीं, बल्कि दुनिया को हमारी पहचान बताने का संदेश है। बता दें कि कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 का 78वां संस्करण 13 से 24 मई तक आयोजित हो रहा है, जिसमें मुख्य प्रतियोगिता की जूरी अध्यक्षता फ्रांसीसी अभिनेत्री जुलियट बिनोश कर रही हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.