वनएक्सबेट सट्टेबाजी केस, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला से ED ने की लंबी पूछताछ
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेत्री और मॉडल उर्वशी रौतेला मंगलवार को दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय में पेश हुईं। उन्हें वनएक्सबेट (1xBet) नामक अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। यह मामला ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है, जिसमें देश की कई बड़ी हस्तियां जांच के दायरे में आ गई हैं।
ED इस मामले में पहले ही कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों से पूछताछ कर चुकी है। जिन प्रमुख नामों से सवाल-जवाब किए गए हैं, उनमें क्रिकेट जगत से युवराज सिंह, सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा और फिल्म जगत से सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती, प्रकाश राज, विजय देवराकोंडा और राणा दग्गुबाती शामिल हैं। अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती को 15 सितंबर को भी ED मुख्यालय में तलब किया गया था।
ED सूत्रों के अनुसार, इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि ये अवैध सट्टेबाजी ऐप भारतीय कानूनों की अवहेलना करते हुए, मशहूर हस्तियों का इस्तेमाल करके अपना प्रचार-प्रसार कैसे कर रहे हैं। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इन विज्ञापनों से मिली फीस का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया गया या नहीं।
सरकार ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग प्लेटफॉर्म को लेकर बेहद सख्त कानून बनाए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, साल 2022 से लेकर जून 2025 तक ऐसे अवैध प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करने के लिए 1,524 आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई ऐप्स चोरी-छिपे अवैध तरीके से काम कर रहे हैं और सितारों के ज़रिए अपने जाल को फैला रहे हैं।

