‘PDA पाठशाला को प्रशासन नहीं रोक सकता’, अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा वार
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि समाजवादी पार्टी की PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) पाठशाला को पुलिस या प्रशासन नहीं रोक सकता। यह पाठशाला तब तक चलती रहेगी जब तक सरकार खुद स्कूलों में काबिल शिक्षकों की भर्ती नहीं कर देती। अखिलेश यादव ने यह बयान लखनऊ में जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने के बाद दिया।
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि जब सरकार अपने काम से पीछे हट जाती है, तब समाजवादी कार्यकर्ता जनता के लिए आगे आते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सलाह दी कि वे खुद उन स्कूलों को देखें, जिनकी छतें गिर रही हैं और बच्चे घायल हो रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने खुद माना है कि कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं या दूसरे स्कूलों में मिला दिए गए हैं, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “अगर सरकार शिक्षक नहीं दे सकती, तो समाजवादी पार्टी अपने दम पर बच्चों को पढ़ाती रहेगी।”
बाढ़ और महिला सांसदों पर भी बोला हमला
अखिलेश यादव ने सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि प्रयागराज में बाढ़ की स्थिति को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने 20 हजार करोड़ रुपये के विकास का दावा किया था, लेकिन थोड़ी सी बारिश में ही पूरा शहर डूब गया। उन्होंने इसे सरकार के ‘विकास मॉडल’ पर सवाल बताया।
इसके अलावा, उन्होंने सांसद इकरा हसन और डिंपल यादव पर की गई विवादित टिप्पणियों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला सांसदों के खिलाफ ऐसी भाषा बीजेपी की सोच को दिखाती है, और यह सिर्फ व्यक्तिगत हमला नहीं, बल्कि महिला सम्मान पर हमला है।
Also Read: Lucknow News: सीओ की बेटी ने मॉडर्न एकेडमी स्कूल की चौथी मंजिल से लगाई छलांग, लोहिया…

