Lucknow News: भारी बारिश के बाद प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में बुधवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। मंडलायुक्त डॉ. रौशन जैकब और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने देर रात ही अधिकारियों को जलभराव खत्म करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पंपिंग सेट और मशीनों से पानी निकासी का काम शुरू

निर्देश मिलते ही नगर निगम की टीमें रात से ही सक्रिय हो गईं। मुख्य बाजारों, चौराहों, अस्पतालों और आवासीय इलाकों में पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट और डीवाटरिंग मशीनों का उपयोग शुरू कर दिया गया। नालों और नालियों से कचरा हटाने का काम भी तेजी से जारी है ताकि पानी की निकासी में कोई बाधा न आए।

मंडलायुक्त और नगर आयुक्त ने बुधवार देर रात विधानसभा भवन के आस-पास के क्षेत्रों का खुद निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन इलाकों में पानी ज्यादा भरा है, वहाँ अतिरिक्त संसाधन और कर्मचारी भेजकर तुरंत राहत पहुँचाई जाए। साथ ही, यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बारिश रुकते ही पानी का स्तर तेजी से कम हो और यातायात सामान्य हो सके।

स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव पर भी जोर

अभियंत्रण विभाग के इंजीनियरों को सभी पंपिंग स्टेशनों को चालू रखने और मोबाइल पंपिंग यूनिट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जोनल सेनेटरी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सफाई के काम में तेजी लाने के आदेश दिए गए हैं। नगर निगम की सफाई टीमें भी मंगलवार रात से ही नालियों, नालों और जलभराव वाले इलाकों में लगातार काम कर रही हैं। खासकर स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि अगर कहीं भी जलभराव की समस्या हो तो टोल-फ्री नंबर 1533 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई होगी और नगर निगम की टीमें 24 घंटे काम करेंगी।

मंडलायुक्त डॉ. रौशन जैकब ने अधिकारियों को जलभराव के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को रोकने के लिए क्लोरीन मिश्रित पानी का छिड़काव और मच्छरों को खत्म करने के उपाय करने के भी निर्देश दिए हैं। प्रशासन का दावा है कि सभी विभागों के coordinated efforts से शहर में स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया जाएगा।

Also Read: Lucknow News: खराब मौसम और भारी बारिश के कारण आज स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.