यूपी में प्रशासनिक फेरबदल: 6 IAS अफसरों के किए तबादले; नगेन्द्र प्रताप बने आगरा के नए कमिश्नर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शनिवार को छह आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। इस फेरबदल में आगरा मंडल को नया मंडलायुक्त मिला है, वहीं कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) भी बदले गए हैं।
नगेन्द्र प्रताप को आगरा की कमान
तबादला सूची में सबसे महत्वपूर्ण नाम नगेन्द्र प्रताप का है। अब तक यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे नगेन्द्र प्रताप को अब आगरा का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
जिममेदारियों में बदलाव और नए कार्यभार
रणवीर प्रसाद: प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद के साथ-साथ अब उन्हें आयुक्त, खाद्य एवं रसद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
मनीष मीणा: मथुरा के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर उन्हें अब यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण (YEIDA) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
विवेक कुमार श्रीवास्तव: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के उपसचिव से पदोन्नत कर उन्हें मऊ का नया मुख्य विकास अधिकारी (CDO) नियुक्त किया गया है।
डॉ. पूजा गुप्ता: गाजियाबाद की संयुक्त मजिस्ट्रेट को अब मथुरा का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
प्रशांत नागर: मऊ के सीडीओ से तबादला कर उन्हें फिरोजाबाद का नगर आयुक्त और विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
लगातार जारी है फेरबदल का सिलसिला
गौरतलब है कि योगी सरकार पिछले कुछ दिनों से लगातार नौकरशाही में बदलाव कर रही है। इससे पहले गुरुवार को भी चार आईएएस अधिकारियों को इधर-उधर किया गया था, जिसमें पर्यटन निदेशालय और मानवाधिकार आयोग जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई नियुक्तियां की गई थीं। शासन का उद्देश्य स्पष्ट है जनता से जुड़े कामों में तेजी लाना और लापरवाह अधिकारियों पर नकेल कसना।
Also Read: यूपी पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: मऊ में 50 हजार के दो इनामी दबोचे, नोएडा में 15 लैपटॉप बरामद

