अफगान क्रिकेटर शापूर जादरान का 38 साल की उम्र में निधन, भारत में चल रहा था इलाज
Shapoor Zadran Death: अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान का 38 साल की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले कई महीनों से भारत में इलाज करा रहे थे। दिल्ली-एनसीआर के एक अस्पताल में भर्ती शापूर दुर्लभ और जानलेवा बीमारी हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (HLH) से जूझ रहे थे। मंगलवार को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की।
ACB का भावुक बयान, क्रिकेट जगत में शोक
ACB ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बयान जारी कर कहा कि शापूर जादरान अफगान क्रिकेट की नींव रखने वाले खिलाड़ियों में शामिल थे। बोर्ड ने कहा, “उनका समर्पण, जुनून और देश के लिए खेलने का जज्बा अफगान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में बेहद अहम रहा।” ACB ने शापूर के परिवार, दोस्तों, पूर्व साथियों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना जताई और कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
इंटरनेशनल करियर और उपलब्धियां
शापूर जादरान 2009 से 2020 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय रहे। उन्होंने अफगानिस्तान के लिए 44 वनडे और 36 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। वनडे में उनके नाम 43 विकेट और टी20 में 37 विकेट दर्ज हैं। मैदान पर उनकी तेज गेंदबाजी और जुझारू अंदाज ने कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित किया।
बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद अंत
बताया गया कि शापूर को पिछले साल अक्टूबर में तबीयत खराब होने लगी थी। अफगानिस्तान में शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भारत जाने की सलाह दी। इलाज के दौरान कुछ समय तक उनकी हालत में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिली, लेकिन बाद में फिर से तबीयत बिगड़ गई। लंबी लड़ाई के बाद वह जिंदगी की जंग हार गए।

