ईरान और पाकिस्तान से एक दिन में निकाले गए 5,500 से ज्यादा अफगान शरणार्थी

Sandesh Wahak Digital Desk: अफगानिस्तान के पड़ोसी देशों ईरान और पाकिस्तान से अफगान शरणार्थियों को बाहर निकालने का सिलसिला तेज हो गया है। बुधवार को एक ही दिन में 5,591 से अधिक शरणार्थियों को जबरन सीमा पार कर वापस अफगानिस्तान भेज दिया गया। इनमें से ज्यादातर लोग कड़कड़ाती ठंड के बीच बिना किसी तैयारी और जमा-पूंजी के अपने मुल्क लौटे हैं।

तालिबान के उप प्रवक्ता मुल्ला हमदुल्लाह फ़ित्रत के मुताबिक, बुधवार को कुल 863 परिवारों की घर वापसी हुई। ये लोग अलग-अलग सीमा मार्गों से दाखिल हुए। हेरात का इस्लाम क़िला बॉर्डर और निमरोज़ का पुल-ए-अब्रेशम (ईरान सीमा)। नंगरहार का तोरखम और कंधार का स्पिन बोल्डक (पाकिस्तान सीमा)। प्रशासन का कहना है कि लौटे हुए परिवारों में से 849 को तत्काल मानवीय सहायता दी गई है और दूरसंचार कंपनियों ने संपर्क के लिए 937 सिम कार्ड बांटे हैं।

वापस लौटे शरणार्थियों की दास्तां दिल पसीजने वाली है। पाकिस्तान से निर्वासित हुए जमालुद्दीन ने बताया, हमें वहां से जबरन निकाल दिया गया। हमारी मेहनत की कमाई और संपत्ति वहीं छूट गई। अब न रहने को घर है, न जेब में पैसा। ऊपर से सर्दी का कहर बढ़ रहा है, हम कहां जाएं? ईरान से लौटे जन मोहम्मद की चिंता भी वैसी ही है। उनका कहना है कि वह अपने प्रांत जौज़जान तो जा रहे हैं, लेकिन वहां ठहरने का कोई ठिकाना नहीं है। शरणार्थियों ने तालिबान सरकार (इस्लामिक अमीरात) से रोजगार, जमीन और सिर छिपाने के लिए छत की गुहार लगाई है।

Also Read: Syed Mushtaq Ali Trophy 2025: झारखंड ने रचा इतिहास, हरियाणा को 69 रनों से हराकर जीता पहला खिताब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.