इंदौर के बाद अब पलवल में दूषित पानी का कहर, 15 दिनों में 12 लोगों की मौत, हेपेटाइटिस-बी का खौफ
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रदूषित पानी से हुई मौतों का जख्म अभी भरा भी नहीं था कि हरियाणा के पलवल जिले के छांयसा गांव (हथीन उपमंडल) में वैसी ही त्रासदी दोहराई जा रही है। पिछले दो सप्ताह के भीतर गांव में कम से कम 12 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 5 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। गांव में फैली इस रहस्यमयी बीमारी और मौतों ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है।
हेपेटाइटिस-बी और लिवर फेलियर का हमला
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में से चार लोगों की मौत हेपेटाइटिस-बी (लिवर का गंभीर संक्रमण) के कारण हुई है। 27 जनवरी से 11 फरवरी के बीच हुई मौतों में मरने वालों की उम्र 9 साल से लेकर 65 साल तक है। ग्रामीणों का आरोप है कि मौतों का असल आंकड़ा सरकारी रिकॉर्ड से कहीं ज्यादा है। बीमार होने वाले ज्यादातर लोगों ने पेट दर्द, बुखार, दस्त और तेज सिरदर्द की शिकायत की थी।
छांयसा गांव की आबादी करीब 5700 है। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में डेरा डाल दिया है। मेडिकल टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। अब तक करीब 1500 लोगों की गहन जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान 210 लोगों के रैंडम ब्लड सैंपल लिए गए, जिनमें से 2 लोगों में हेपेटाइटिस-बी और 9 लोगों में हेपेटाइटिस-सी की पुष्टि हुई है। जिन मरीजों की हालत गंभीर है, उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या दूषित पानी ही है असली वजह?
हालांकि आधिकारिक तौर पर जांच जारी है, लेकिन दूषित पेयजल और ‘फूड पॉइजनिंग’ की आशंका सबसे ज्यादा जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पानी के नमूने लेकर लैब भेज रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि संक्रमण की शुरुआत कहाँ से हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सतिंदर वशिष्ठ ने बताया कि करीब 800 लोगों को ओपीडी में देखा जा चुका है और स्वास्थ्य विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पूरे देश में बढ़ी पीने के पानी की चिंता
इंदौर में दूषित पानी से हुई 16 मौतों के बाद पलवल की इस घटना ने देश में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। ग्रामीण इलाकों में वाटर पाइपलाइनों की लीकेज और स्वच्छता की कमी अब जानलेवा साबित हो रही है।
Also Read: लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.75 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, 4 मुख्य आरोपी गिरफ्तार

