Cheteshwar Pujara Retirement: पुजारा के रिटायरमेंट के बाद अब इन 5 भारतीय क्रिकेटरों पर टिकी निगाहें
Sandesh Wahak Digital Desk: टीम इंडिया के भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेकर अपने शानदार करियर का समापन किया।
उन्होंने एक इमोशनल नोट के जरिए फैन्स को अलविदा कहा और माना जा रहा है कि अब वह कमेंट्री या कोचिंग के जरिए क्रिकेट की नई पारी शुरू कर सकते हैं।
पुजारा के संन्यास के बाद अब यह चर्चा तेज हो गई है कि भारतीय टीम के कुछ और सीनियर खिलाड़ी भी जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई ले सकते हैं। आइए नजर डालते हैं उन पांच खिलाड़ियों पर जिनका करियर अब अंतिम दौर में नजर आ रहा है:
1. अजिंक्य रहाणे

पुजारा के पुराने जोड़ीदार अजिंक्य रहाणे का अंतरराष्ट्रीय करियर भी अब लगभग समाप्ति की कगार पर है। 2011 में डेब्यू करने वाले रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 मुकाबले खेले हैं।
उन्होंने आखिरी टेस्ट जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। 37 वर्षीय रहाणे की टीम इंडिया में वापसी की संभावना बेहद कम नजर आती है।
2. इशांत शर्मा

भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने 105 टेस्ट, 80 वनडे और 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल 434 विकेट लिए।
इशांत ने नवंबर 2021 में आखिरी टेस्ट खेला था, जबकि सीमित ओवरों का क्रिकेट उन्होंने 2016 में ही छोड़ दिया था। 36 वर्षीय इशांत का नाम अब रिटायरमेंट की चर्चा में लगातार शामिल हो रहा है।
3. मोहम्मद शमी

भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शुमार मोहम्मद शमी ने अब तक 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 मुकाबले खेले हैं। हालांकि, जून 2023 के बाद से उन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।
लगातार चोटों और फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे 34 वर्षीय शमी के लिए राष्ट्रीय टीम में वापसी करना अब चुनौतीपूर्ण हो गया है।
4. उमेश यादव

अनुभवी पेसर उमेश यादव ने भारत के लिए 57 टेस्ट, 75 वनडे और 9 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट जून 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान खेला था, जबकि उनका आखिरी व्हाइट बॉल मुकाबला अक्टूबर 2022 में हुआ था।
मौजूदा समय में टीम में युवा तेज गेंदबाजों की मौजूदगी के चलते उमेश की वापसी की संभावना बेहद कम है।
5. भुवनेश्वर कुमार

स्विंग और डेथ ओवर में सटीक गेंदबाजी के लिए मशहूर भुवनेश्वर कुमार का करियर भी अब लगभग खत्म माना जा रहा है। उन्होंने 2012 में डेब्यू किया था और 21 टेस्ट, 121 वनडे और 87 टी20 मैच खेले।
भुवी का आखिरी टेस्ट जनवरी 2018, वनडे जनवरी 2022 और आखिरी टी20 नवंबर 2022 में था। 34 वर्षीय भुवनेश्वर लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं और वापसी की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं।
Also Read: पुजारा के बाद अब कौन? ये 5 भारतीय क्रिकेटर जल्द कह सकते हैं क्रिकेट को अलविदा

