RCB के बाद अब राजस्थान रॉयल्स? IPL में फ्रेंचाइजी बिक्री की बड़ी तैयारी, लगी इतने करोड़ की बोली

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स (RR) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स की टीम को जल्द ही नया मालिक मिल सकता है और यह आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी बिक्री साबित हो सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स को खरीदने के लिए करीब 1.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 11,956 करोड़ रुपये) की बोली लगाई गई है।

खास बात यह है कि यह बोली किसी बाहरी निवेशक ने नहीं, बल्कि टीम में पहले से हिस्सेदारी रखने वाले कल सोमानी (Kal Somani) की अगुवाई वाले एक कंसोर्टियम ने लगाई है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि इस डील का मूल्य आईपीएल मीडिया राइट्स के आकलन पर आधारित है। गौरतलब है कि बीसीसीआई ने 2023 से 2027 तक के लिए आईपीएल मीडिया राइट्स 44,075 करोड़ रुपये में जियो हॉटस्टार को बेचे थे, जिसके बाद फ्रेंचाइजी की वैल्यू में जबरदस्त उछाल आया है।

Rajasthan Royals Sale

सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स को खरीदने में टाइम्स इंटरनेट के चेयरमैन सत्यन गजवानी, ब्लैकस्टोन और कार्लाइल ग्रुप जैसी दिग्गज कंपनियां भी दिलचस्पी दिखा चुकी हैं।

इसी बीच यह भी चर्चा है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) भी बिक्री के लिए उपलब्ध है और डियाजियो द्वारा इसे करीब 2 बिलियन डॉलर में बेचे जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

वर्तमान में राजस्थान रॉयल्स में सबसे बड़ी हिस्सेदारी मनोज बडाले के पास है, जिनके पास फ्रेंचाइजी के 65 प्रतिशत शेयर हैं। इसके अलावा लाचलान मर्डोक के पास 13 प्रतिशत और रेडबर्ड कैपिटल के पास 15 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के पहले सीजन 2008 में खिताब जीता था। इसके बाद टीम 2022 में फाइनल तक पहुंची, जहां उसे गुजरात टाइटंस के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स की मालिकाना संरचना में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा या नहीं।

Also Read: टी20 वर्ल्ड कप के बाद गौतम गंभीर की होगी छुट्टी? BCCI ने अफवाहों पर लगाया विराम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.