IND vs ENG 3rd ODI: शुभमन के शतक के बाद कोहली-श्रेयस ने भी दिखाया दम, इंग्लैंड को मिला 357 रनों का लक्ष्य
India vs England 3rd ODI Score: भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है. इस मुकाबले में भारतीय टीम टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए सभी (10) विकेट के नुकसान पर 356 रन बनाए हैं.

आपको बता दें कि भारतीय टीम तीन मैचों की इस सीरीज को पहले ही जीत चुकी है. अब टीम इंडिया का लक्ष्य इस मुकाबले को जीतकर वनडे सीरीज में अंग्रेजों का सूपड़ा साफ करना है. भारतीय टीम ने नागपुर में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में 4 विकेट से जीत हासिल की थी. फिर रोहित ब्रिगेड ने कटक वनडे में भी अंग्रेजों को 4 विकेट से ही पराजित किया था.
गिल की शतकीय पारी, कोहली-श्रेयस के अर्धशतक

इस मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पिछले मैच के शतकवीर रोहित शर्मा दूसरे ही ओवर में आउट हो गए. रोहित को तेज गेंदबाज मार्क वुड ने विकेटकीपर फिल सॉल्ट के हाथों कैच आउट कराया.
रोहित ने दो गेंदों पर सिर्फ 1 रन बनाए. इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने मोर्चा संभाला. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 116 रनों की पार्टनरशिप हुई. शुभमन गिल ने 51 गेंदों पर फिफ्टी पूरी कर ली. वहीं, कोहली ने 50 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. यह कोहली के वनडे करियर का 73वां अर्धशतक रहा.
हालांकि, कोहली अर्धशतक जड़ने के कुछ देर बाद ही पवेलियन लौट गए. कोहली को आदिल राशिद ने विकेटकीपर फिल सॉल्ट के हाथों कैच आउट कराया. कोहली ने 7 चौके और एक सिक्स की मदद से 55 गेंदों पर 52 रन बनाए. कोहली के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर ने शुभमन गिल संग मोर्चा संभाला. शुभमन ने 95 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया.

आपको बता दें कि शुभमन गिल का वनडे इंटरनेशनल में यह 7वां शतक रहा. इसके अलावा उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 5 शतक जमाए हैं. जबकि टी20 इंटरनेशनल में भी गिल ने एक शतक लगाया है. इस तरह यह स्टार ओपनर तीनों फॉर्मेट में शतक जमा चुका है.
शुभमन के शतक जड़ने के बाद श्रेयस अय्यर ने भी फिफ्टी पूरी कर ली. श्रेयस और शुभमन के बीच तीसरे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी हुई. शुभमन 102 गेंदों पर 112 रन बनाकर आउट हुए.
इस दौरान उन्होंने 14 चौके और तीन छक्के लगाए. शुभमन को आदिल राशिद ने बोल्ड किया. राशिद ने इसके बाद श्रेयस अय्यर को भी आउट कर दिया. श्रेयस ने 64 गेंदों पर 78 रन बनाए, जिसमें जिसमें 8 चौके और दो छक्के शामिल रहे.
Also Read: IND vs ENG: कोहली ने बना डाला ‘विराट’ रिकॉर्ड, अब सिर्फ इन 3 दिग्गजों से पीछे

