बरेली हिंसा के बाद अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, विरोध करने जा रहे सपा सांसद नीरज मौर्य हिरासत में

Bareilly News: बरेली में हाल ही में हुई सांप्रदायिक हिंसा और तनाव के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माणों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को बरेली नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए बारादरी थाना क्षेत्र के सैलानी बाजार में कई अवैध ढांचों पर बुलडोजर चला दिया।

इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। निगम की टीम ने एक साथ चार बुलडोजरों की मदद से अतिक्रमणों को ध्वस्त किया।

एक तरफ बुलडोजर कार्रवाई चल रही थी, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने मौके पर पहुँचकर विरोध करने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया। आंवला से सपा सांसद नीरज मौर्य को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सांसद नीरज मौर्य पुलिस से छिपकर कथित तौर पर मुस्लिम परिवारों से मिलने जा रहे थे, जिन्हें सर्किट हाउस पर रोक लिया गया।

सांसद नीरज मौर्य ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, निर्दोष मुस्लिमों को जेल भेजा जा रहा है। मुस्लिम परिवार के साथ अन्याय हो रहा है, जो बवाल में नहीं थे, उनको भी जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि तौकीर रजा तो भाजपा के लिए काम करते हैं।

Bareilly bulldozer action

सपा जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट

सांसद को हिरासत में लेने के साथ ही, सपा के जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप को भी उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है।

शिवचरण कश्यप ने कहा कि उनका प्रतिनिधिमंडल कमिश्नर और डीआईजी से मिलने जा रहा था, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया, तमाम निर्दोष लोगों को गलत जेल भेजा जा रहा है। तमाम लोग घायल हैं। यह भाजपा सरकार अन्याय कर रही है और हमें भी हाउस अरेस्ट करके रख लिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि लखनऊ और दिल्ली से आ रहे सपा प्रतिनिधिमंडल को भी रोक लिया गया है।

बरेली के सिटी एसपी मानुष पारीक ने इस कार्रवाई पर सफाई देते हुए कहा, विकास प्राधिकरण नियमानुसार समय-समय पर कार्रवाई करता है। यह कार्रवाई पूरी तरह से स्वतंत्र है और विकास प्राधिकरण द्वारा ही की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

Also Read: DM साहब खलिहान पर…,सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचा रामपुर ग्रिंट में अवैध कब्ज़े का मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.