आगरा धर्मांतरण मामला: पाकिस्तान से जुड़े तार, ‘हानिया’ नाम की पाकिस्तानी महिला पर भी शक, अब तक 14 गिरफ़्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: आगरा में अवैध धर्मांतरण मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, हर रोज़ नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब इस केस में पाकिस्तान से जुड़े गहरे तार सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस धर्मांतरण नेटवर्क का मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान पूछताछ में अहम जानकारियाँ दे रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इस नेटवर्क में एक पाकिस्तानी महिला ‘हानिया’ का नाम भी सामने आया है।

लड़कियों के ब्रेनवॉश का आरोप

आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने दावा किया है कि पाकिस्तान से जुड़े कई और नाम सामने आए हैं। अब तक जिन नामों का ज़िक्र हुआ है, उनका काम हिंदू लड़कियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें इस्लाम में धर्मांतरित करना था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान से जुड़े इस गिरोह का सरगना ‘तनवीर’ नाम का शख्स है, जो अब्दुल रहमान के संपर्क में था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि ‘तनवीर’ उसका असली नाम है या कोई फर्जी पहचान।

तीन लड़कियों को इस नेटवर्क के चंगुल से छुड़ाया गया है। इनसे पूछताछ में ‘हानिया’ नाम की महिला का भी ज़िक्र मिला है। अभी यह साफ़ नहीं हो सका है कि वह वास्तव में कोई महिला है या फिर किसी ने यह नाम अपनी पहचान छिपाने के लिए इस्तेमाल किया है। पुलिस इस दिशा में गहराई से जांच कर रही है।

दिल्ली से लेकर कोलकाता तक फैला था नेटवर्क

agra
गिरफ्तार आरोपी

अब तक पुलिस ने इस केस में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली से अब्दुल रहमान और गोवा से पकड़ी गई आयशा ने पूछताछ में तनवीर के बारे में कई जानकारियां दी हैं। तीन लड़कियों के मोबाइल से तनवीर द्वारा भेजे गए वीडियो भी बरामद किए गए हैं, जिनमें उन्हें इस्लाम कुबूलने के लिए मानसिक रूप से तैयार किया जा रहा था।

पुलिस का कहना है कि इन लड़कियों को पहले दिल्ली, फिर कोलकाता ले जाने की योजना थी, लेकिन बीच में ही आगरा पुलिस की कार्रवाई से पूरा नेटवर्क बेनकाब हो गया। फिलहाल पुलिस इन लड़कियों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का जाल पूरी तरह सामने आ सके।

फंडिंग के तार विदेशों से जुड़े

इससे पहले इस मामले में कनाडा, अमेरिका और खाड़ी देशों से फंडिंग के संकेत भी मिले थे। अब पाकिस्तान से भी सीधा जुड़ाव सामने आने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार का कहना है कि धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का पूरा मकसद मानसिक तौर पर लड़कियों को बदलना और उन्हें कट्टरपंथ की ओर धकेलना था। पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे छिपे हर चेहरे को बेनकाब करने के लिए जांच तेज़ कर रही है। मामले में कई और गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।

Also Read:  हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़, 6 श्रद्धालुओं की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.