Agra News: कहीं आपके नाम पर तो नहीं चल रहे फर्जी सिम कार्ड, ऐसे करें घर बैठे पता
Agra News: साइबर अपराध लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगने का जरिया बनते जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ठगी करने वाले अपराधी जिस नंबर से कॉल करते हैं, वह अक्सर किसी निर्दोष व्यक्ति की आईडी पर पंजीकृत होता है। ऐसे में पीड़ित तक तो ठग पहुंच जाते हैं लेकिन ठगों तक पहुंच पाना बेहद कठिन हो जाता है। इसीलिए यह जरूरी है कि लोग समय-समय पर यह जांच कर लें कि कहीं उनके नाम पर कोई और तो सिम कार्ड इस्तेमाल नहीं कर रहा है।
घर बैठे जांचने का आसान तरीका
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि अब कोई भी व्यक्ति बहुत आसानी से यह पता कर सकता है कि उसके नाम पर कितने मोबाइल नंबर सक्रिय हैं। इसके लिए सरकार द्वारा संचालित पोर्टल https://tafcop.sancharsaathi.gov.in/telecomUser/ पर जाना होगा। वहां अपना 10 अंकों का मोबाइल नंबर और कैप्चा डालना होगा। इसके बाद मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद लॉगिन करते ही आपके नाम पर एक्टिव सभी मोबाइल नंबरों की सूची स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।
संदिग्ध नंबर दिखे तो तुरंत करें शिकायत
यदि इस सूची में कोई ऐसा नंबर दिखाई देता है जिसे आप खुद इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो आप उस नंबर के खिलाफ तुरंत शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत करने के बाद वह नंबर ब्लॉक कर दिया जाएगा। ऐसा करने से आप न केवल खुद को बल्कि अपने परिवार को भी संभावित धोखाधड़ी से बचा सकते हैं।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यदि आपके नाम पर पंजीकृत किसी सिम कार्ड का इस्तेमाल अपराधी करते हैं, तो किसी भी आपराधिक मामले में कानूनी जिम्मेदारी सबसे पहले आपके ऊपर आ सकती है। ऐसे में समय रहते जांच करना बेहद जरूरी है। सोनम कुमार ने कहा कि नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए और संदिग्ध नंबर मिलने पर बिना देरी शिकायत करनी चाहिए।
सरकार का यह पोर्टल साइबर ठगी और मोबाइल फ्रॉड को रोकने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है। यदि लोग नियमित रूप से अपनी आईडी पर सक्रिय नंबरों की जांच करते रहें, तो साइबर अपराधियों के मंसूबों पर आसानी से पानी फेरा जा सकता है।
Also Read: वोट चोरी पर बढ़ा हंगामा, संसद में इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन

