Agra News: बस ड्राइवर के सामने फीकी पड़ी नेताजी के बेटे की दबंगई
Agra News: आगरा-जयपुर हाईवे पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह के बेटे की दबंगई उस समय धरी की धरी रह गई, जब एक रोडवेज बस चालक ने उनके सामने डटकर मुकाबला किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भाजपा नेता के बेटे को एक बस ड्राइवर के सामने कमजोर पड़ते देखा जा सकता है। नेताजी के बेटे ने ड्राइवर को धमकाने के लिए हाथ में डंडा भी उठा लिया, लेकिन ड्राइवर की निडरता और ‘दिखा पिस्टल’ जैसी चुनौती सुनकर वह पीछे हटने को मजबूर हो गए।
ड्राइवर का रिएक्शन देखकर सब हैरान रह गए
मामला आगरा-जयपुर हाईवे का है, जहां पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह के बेटे अपनी थार गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान उनका रोडवेज बस चालक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में नेताजी के बेटे ने अपनी गाड़ी से डंडा निकाला और चालक की तरफ बढ़ने लगे। उन्हें लगा था कि एक साधारण बस ड्राइवर उनकी दबंगई के आगे झुक जाएगा, लेकिन ड्राइवर का रिएक्शन देखकर वह हैरान रह गए।
पिस्टल दिखाकर डराने की कोशिश की थी
बस चालक तुरंत बस से नीचे उतरा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। वह नेताजी के बेटे से बार-बार कह रहा था, “दिखा पिस्टल… दिखा पिस्टल… तेरे जैसे बहुत देखे हैं। तेरे जैसे का मैं मुंह तोड़ दूंगा।” ड्राइवर की आवाज और आक्रामक तेवर देखकर पूर्व मंत्री के बेटे को अपनी गलती का एहसास हुआ और वह धीरे-धीरे अपनी गाड़ी की ओर लौटने लगे। हालांकि वीडियो में कहीं भी पिस्टल दिखाई नहीं दे रही है, लेकिन ड्राइवर की चुनौती साफ बता रही है कि नेताजी के बेटे ने संभवतः उसे पिस्टल दिखाकर डराने की कोशिश की थी।
आगरा-जयपुर हाइवे पर भाजपा पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह के बेटे की रोडवेज बस ड्राइवर से झगड़ा हो गया। जब पूर्व मंत्री के बेटे ने गाड़ी से डंडा निकाला तो ड्राइवर भी बस से नीचे उतकर भिड़ गया। #agra #chaudharyudaybhansingh pic.twitter.com/nWPbDmQHvH
— Pawan Kumar Sharma (@pawanks1997) August 17, 2025
अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ड्राइवर का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह पीछे-पीछे गया और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूर्व मंत्री के बेटे की दबंगई की हवा निकाल दी। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सत्ता की धौंस आम लोगों के सामने हमेशा काम नहीं आती।
एक वीडियो वायरल हुआ था
यह पहली बार नहीं है जब पूर्व मंत्री के बेटे की दबंगई सामने आई है। साल 2024 में भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने हरीपर्वत थाना क्षेत्र के आरबीएस डिग्री कॉलेज परिसर में एक ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी थी। उस घटना में भी उनका रसूख काम नहीं आया और लोगों ने उनकी जमकर आलोचना की थी।
वीडियो ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि आम जनता अब नेताओं और उनके परिवार के लोगों की धौंस-पट्टी से डरने वाली नहीं है। पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, वायरल वीडियो ने कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है।
Also Read: पुराने अंदाज में नजर आए लालू प्रसाद, बोले- भाजपा को अब नहीं आने देना है

