आगरा: पुलिस टीम को घर में बंधक बनाकर पीटा, रिटायर्ड दरोगा समेत 4 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: ताजनगरी के थाना मलपुरा अंतर्गत अजीजपुर गांव में कानून को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ नोटिस तामील कराने गई पुलिस टीम पर हमला कर उन्हें घर में बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने तीन दरोगा और दो सिपाहियों के साथ मारपीट की और उन्हें जिंदा जलाने की धमकी तक दे डाली।

क्या है पूरा मामला?

रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे उप-निरीक्षक (SI) कपिल शर्मा, अनीता कश्यप, सलोनी चौहान, हेड कांस्टेबल साधना यादव और वीरेश कुमार गांव के निवासी और रिटायर्ड दरोगा श्रीराम आर्य के घर पहुंचे थे।

श्रीराम आर्य के दो बेटों, सोनू और दीपक के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज था। पुलिस टीम इन्हीं आरोपियों को नोटिस तामील कराने गई थी।

पुलिस के पहुंचते ही रिटायर्ड दरोगा और उसके परिवार के सदस्य (बेटियां ममता, सुमन, सीमा और बेटा संजय) भड़क गए। उन्होंने दोनों मुख्य आरोपियों को घर से भगा दिया और पुलिस टीम को कमरे में बंद कर ताला लगा दिया।

बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट की गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की छत के रास्ते घर में घुसकर करीब 30 मिनट बाद अपनी टीम को मुक्त कराया।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई

इस हमले में एसआई कपिल शर्मा, सलोनी चौहान और अनीता कश्यप को चोटें आई हैं। पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड दरोगा श्रीराम आर्य, उसकी बेटियां ममता और सुमन, बेटा संजय को गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्य आरोपी सोनू और दीपक के साथ ही एक अन्य बहन सीमा अभी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस टीम पर हमला, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कौन है मुख्य आरोपी?

मुख्य आरोपी श्रीराम आर्य खुद पुलिस विभाग से जुड़ा रहा है। वह वर्ष 2022 में मैनपुरी से उप-निरीक्षक (SI) के पद से सेवानिवृत्त हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी का परिवार गांव में काफी दबंगई करता था और लोगों को झूठे केस में फंसाने की धमकियां देता था।

Also Read: लखनऊ: निजी टाउनशिप में मूलभूत सुविधाओं की होगी सख्त मॉनिटरिंग, मण्डलायुक्त ने दिए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.